ishantimes

ishantimes

Breaking News

करनाल में सरकारी धान घोटाले में लगातार एक्शन जारी

अब जिला प्रबंधक (डीएम) अमित कुमार को निलंबित किया करनाल (ईशान राय)।जिले में सरकारी धान घोटाले का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। धान खरीद में हुई गड़बड़ी के बाद अब हैफेड विभाग में बड़ा एक्शन लिया गया है। विभाग के प्रबंध निदेशक ने जिला प्रबंधक (डीएम) अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हैफेड मुख्यालय पंचकूला से 4 नवंबर 2025 को जारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान वे नियम अनुसार वेतन और भत्ते प्राप्त करेंगे। इस दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला रहेगा। करनाल और तरावड़ी मंडियों में धान खरीद में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद पहले ही कई अधिकारी नप चुके हैं। फूड एंड सप्लाई विभाग के 4 इंस्पेक्टर, 1 सब इंस्पेक्टर,तरावड़ी मार्केट कमेटी के सचिव संजीव सचदेवा,करनाल मंडी की सचिव आशा रानी, 2 मंडी सुपरवाइजर, 1 ऑक्शन रिकॉर्डर और 3 ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अब हैफेड के जिला प्रबंधक अमित कुमार पर भी गाज गिरी है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना है।

Breaking News

राजेश निषाद बनाये गये जननायक जनता पार्टी के पंचकूला हल्का अध्यक्ष ।

पंचकूला, 4 नवंबर (Ishantimes): जननायक जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पंचकूला नगर निगम के वार्ड नंबर 9 के पार्षद राजेश कुमार निषाद को पंचकूला हल्के का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि जजपा लगातार अपने संघठन में कुछ बदलाव के साथ विस्तार कर रही है इसी कड़ी में अपने मोजूदा हल्का प्रधान सोहन लाल गुर्जर को पार्टी के किसान प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है तथा जिले में संगठन की ज्यादा मजबूती के लिए पंचकूला के प्रमुख एवं प्रखर जजपा नेता एवं जिले में रहने वाले हज़ारों पूर्वांचल के लोगों में विशेष रूप से लोकप्रिय राजेश निषाद को पंचकूला हल्के की कमान सौंपी है। राजेश निषाद ने हल्का अध्यक्ष बनाये जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला, पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा, पंचकूला जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग तथा शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया।नवनियुक्त हल्का अध्यक्ष ने शीर्ष नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि वो पार्टी को पंचकूला में आगे ले जाने के लिए अपनी तरफ से कोई कोर- कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। वो सबको साथ लेकर दिन रात संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।

Breaking News, General

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने गुरुग्राम में “इंटरनेशनल रिलेशंस” पुस्तक का द्वितीय संस्करण किया लॉन्च

21वीं सदी में अंतरराष्ट्रीय संबंधों का अध्ययन आज पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण: राज्यपाल गुरुग्राम, 4 नवंबर (Sanjay Rai): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मंगलवार को गुरुग्राम स्थित साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर आधारित पुस्तक “इंटरनेशनल रिलेशंस – सिविल सेवा एवं राज्य सेवा परीक्षाओं हेतु” के दूसरे संस्करण का विमोचन किया। कार्यक्रम में भारत सरकार के पूर्व विदेश मंत्रालय सचिव दामु रवि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस पुस्तक के लेखक हैं स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हरियाणा के कुलपति प्रो. अशोक कुमार और गुरुग्राम के डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन। विमोचन से पहले राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि 21वीं सदी में अंतरराष्ट्रीय संबंधों का अध्ययन पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने बताया कि भौगोलिक सीमाओं के बावजूद आज की दुनिया अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, संचार और पर्यावरण के स्तर पर आपस में गहराई से जुड़ी हुई है। जलवायु परिवर्तन, वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दे अब किसी भी देश तक सीमित नहीं रह गए हैं। राज्यपाल ने पुस्तक को केवल एक शैक्षणिक मार्गदर्शिका नहीं बताया, बल्कि इसे जीवन दृष्टिकोण और नेतृत्व कौशल विकसित करने वाली कृति कहा। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक युवाओं को विवेकशील सोच, विचारशीलता और राष्ट्र सेवा के भाव से प्रेरित करेगी। प्रो. घोष ने आगे कहा कि पुस्तक में अनुभवसंपन्न प्रशासनिक और कूटनीतिक विशेषज्ञों की ज्ञान संपदा निहित है, जो विद्यार्थियों और नीति निर्माताओं के लिए मार्गदर्शन का कार्य करेगी। विशिष्ट अतिथि दामु रवि ने पुस्तक के नवीनतम संस्करण की सराहना करते हुए इसे समसामयिक और अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इसमें भारत की विदेश नीति में आए नए बदलाव और वैश्विक घटनाक्रमों का समावेश किया गया है। यह न केवल सिविल सेवा अभ्यर्थियों, बल्कि नीति निर्माता, शोधकर्ता और आम पाठकों के लिए भी लाभकारी होगी। पुस्तक के सह लेखक प्रो. अशोक कुमार ने बताया कि पुस्तक भारत की विदेश नीति, इंडो-पैसिफिक रणनीति, क्वाड सहयोग, कोविड संकट में मानवीय नेतृत्व और बहुपक्षीय मंचों जैसे जी-20 और ब्रिक्स पर भारत के बढ़ते प्रभाव का विश्लेषण करती है। वहीं, डॉ. राजेश मोहन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंध अब केवल औपचारिक कूटनीति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल युग में यह निरंतर बदलती प्रक्रिया बन गई है। विमोचन समारोह में राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष, हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के महानिदेशक मनोज यादव, साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय की प्रोवोस्ट प्रोफेसर एलायस फिलिप्स, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. संजय कौशिक, मैकग्रा हिल एजुकेशन के प्रोडक्ट डायरेक्टर तनवीर अहमद, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Breaking News

नेशनल लेवर पार्टी” ने की चंडीगढ़ से नई पार्टी की शुरूआत

“पंचकूला,(कमल कलसी, ईशान टाइम्स)।राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान पुत्र नीरज राय ने चंडीगढ़ के सेक्टर 27 प्रैस क्लब वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि देश के श्रमिकों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की आवाज़ को सशक्त बनाने तथा सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाने के उद्देश्य से नेशनल लेबर पार्टी (National Labour Party) का गठन किया गया है। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के सुप्रीम प्रेसीडेंट डॉ. दलजीत सिंह चौहान और राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज राय ने संयुक्त रूप से पार्टी की नीति, उद्देश्य और मिशन की घोषणा की। डॉ. दलजीत सिंह चौहान ने कहा कि —“देश में आज मेहनतकश वर्ग सबसे बड़ा लेकिन सबसे उपेक्षित वर्ग है। नेशनल लेबर पार्टी इस वर्ग की आवाज़ को संसद और विधानसभाओं तक पहुंचाएगी। हमारी पार्टी का सिद्धांत है — ‘कामगार भारत, सम्मानित भारत।’ हम ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं जिसमें हर मेहनतकश नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिले।” राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान पुत्र नीरज राय ने कहा कि नेशनल लेबर पार्टी का उद्देश्य राजनीति को जनसेवा से जोड़ना है, न कि सत्ता की होड़ से। उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत कर रही है और प्रत्येक राज्य में जनसंवाद यात्रा शुरू करने की योजना बना रही है ताकि आम जनता की समस्याओं को सीधे समझकर समाधान के लिए ठोस नीति बनाई जा सके। उन्होंने आगे कहा कि —“देश के मजदूर, किसान, युवा और महिलाएँ अब मौन नहीं रहेंगे। नेशनल लेबर पार्टी उन्हें एक मज़बूत मंच देगी, जो केवल वादे नहीं बल्कि परिणाम देगा।” 📢 संदेश जनता के नाम:नेशनल लेबर पार्टी सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे जाति, धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर देश के विकास और मेहनतकश वर्ग के सम्मान के लिए एकजुट हों।पार्टी का उद्देश्य है —“हर मेहनतकश का मान, यही है सच्चा हिन्दुस्तान।” 🔴 पार्टी का मुख्य एजेंडा और नीति आज निम्न राष्ट्रीय पदाधिकारियों को नामित किया गया..राष्ट्रीय सलाहकार-परविंदर सिंह सेठीसुप्रीम अध्यक्ष-डॉ दलजीत सिंह चौहानराष्ट्रीय अध्यक्ष – नीरज रायराष्ट्रीय उपाध्यक्ष- संजीव कौशिकराष्ट्रीय महासचिव-कंचन कुमारी सहित अनेकों पार्टी सदस्य मौजूद रहे।

Breaking News

भरत मिलाप मेला को लेकर चौरी में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

एएसपी शुभम अग्रवाल व सीओ प्रभात राय ने पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त, सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी भदोही(राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।आगामी भरत मिलाप मेला के सकुशल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत मंगलवार को थाना चौरी क्षेत्र के चौकी चौरी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक भदोही शुभम अग्रवाल ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी औराई प्रभात राय तथा थाना प्रभारी चौरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु, सम्भ्रांत नागरिक, ग्राम प्रधान व डिजिटल वालंटियर्स ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों से संवाद कर उनके सुझाव सुने और भरत मिलाप मेला को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा और न ही सड़कों को बाधित कर कोई आयोजन किया जाएगा। सभी आयोजनों में शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि असामाजिक या अराजक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की कोशिश की गई तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिले तो तुरंत थाना पुलिस या डायल-112 पर सूचित करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है। किसी व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के उपरांत एएसपी से शुभम अग्रवाल एवं सीओ प्रभात राय ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त व भ्रमण किया और नागरिकों से संवाद कर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Breaking News

खाद्य आपूर्ति कार्यालय की मनमानी से उपभोक्ता परेशान

आपूर्ति कार्यालय की मनमानी से उपभोक्ता परेशान, पूर्व सभासद दानिश सिद्दीकी ने जताई नाराज़गी गरीबों के राशन कार्ड बिना कारण काटे जाने पर उठाए सवाल, ईओ से मिलकर की शिकायत भदोही, 28 अक्टूबर (राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।नगर के पूर्व सभासद एवं समाजवादी पार्टी के युवा नेता दानिश सिद्दीकी ने सोमवार को नगर पालिका परिषद भदोही के अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर खाद्य आपूर्ति अधिकारी के खिलाफ एक शिकायती पत्र सौंपा। दानिश सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि नगर के पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों के नाम बिना किसी ठोस कारण के पात्रता सूची से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब इस संबंध में खाद्य आपूर्ति अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह कार्रवाई नगर पालिका द्वारा कराए गए सत्यापन के आधार पर की गई है, जबकि अधिशासी अधिकारी को इस तरह की किसी जांच की जानकारी ही नहीं है। दानिश ने कहा कि आपूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों की मनमानी, हठधर्मिता और लालच के चलते गरीब उपभोक्ताओं के राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं। इससे गरीब परिवारों के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड बहाल नहीं किए गए, तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।अधिशासी अधिकारी ने इस संबंध में दानिश सिद्दीकी को आश्वासन दिया कि मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी और सभी पात्र उपभोक्ताओं के राशन कार्ड पुनः बहाल कराए जाएंगे, ताकि गरीबों को सरकार द्वारा दी जा रही राशन सुविधा का लाभ मिल सके।

Breaking News

जहवाँ हरियाणा के माटी में ताकत बा, ओही जगह पूर्वाचल के संस्कृति में भावना- मुख्यमंत्री नायब सैनी

छठ पर्व भारतीय संस्कृति का सेतु ही नहीं बल्कि देश के हर क्षेत्र को आस्था के धागे से जोड़ता है- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी छठ पर्व ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘ का उत्तम उदाहरण पंचकूला 27 अक्तूबर (संजय राय, )। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति का सेतु ही नहीं बल्कि देश के हर क्षेत्र को आस्था के धागे से जोड़ता है। साथ ही यह समानता की अद्भुत मिसाल भी है और हमारी संस्कृति व आस्था का प्रकृति से कितना गहरा जुड़ाव भी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात आज यहां पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय छठ पूजा महोत्सव में उपस्थित लोगों को सम्बोधित के दौरान कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आस्था के महापर्व छठ पूजा की बधाई और शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि छठ पूजा समिति, पंचकूला द्वारा छठ घाट के सौंदर्यकरण से सम्बंधित मांगों को पूरा करवाया जाएगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने छठ मईया की पूजा-अर्चना में भाग लिया तथा घाट पर डूबते सूर्य देव को अर्ध्य अर्पित किया । नायब सिंह सैनी ने कहा कि जहवाँ हरियाणा के माटी में ताकत बा, ओही जगह पूर्वाचल के संस्कृति में भावना बा-जब दुगो मिल जाला, त विकास आ विश्वास दुनो बढ़ जाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें आपसी मेलजोल सिखाता है। यहां कोई बड़ा-छोटा नहीं है, कोई ऊंच-नीच नहीं है। पूर्वांचल में मनाया जाने वाला यह पर्व अब विभिन्न प्रदेशों की सीमाएं लांघकर देशभर में मनाया जाने लगा मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘ का उत्तम उदाहरण कहा जा सकता है। मूल रूप से पूर्वांचल में मनाया जाने वाला यह पर्व अब विभिन्न प्रदेशों की सीमाएं लांघकर देशभर में मनाया जाने लगा है। पूर्वांचल के मेहनती और कर्मठ लोग आज विभिन्न प्रदेशों में अपनी कड़ी मेहनत से वहां की अर्थव्यवस्था में योगदान कर रहे हैं। आप जहां-जहां गये, वहां-वहां छठ पर्व भी पहुंच गया और सनातन संस्कृति के वहां के पुजारियों ने भी छठ पर्व को श्रद्धा व आस्था के साथ मनाना शुरू कर दिया। प्रदेश में कई शहरों में छठ पूजा के लिए बनाए जा चुके है घाट उन्होंने कहा कि छठ पूजा के लिए पंचकूला में भी घाट बनाया जा चुका है। इसके अलावा, दानवीर कर्ण की नगरी करनाल में भी सूर्यनारायण मन्दिर के सामने पश्चिमी यमुना कैनाल पर 4 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से स्नान घाट का निर्माण किया गया है। इसी घाट के सामने नहर के दूसरे किनारे पर भी स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एक और घाट का निर्माण हो चुका है। इसके अलावा, पानीपत व सोनीपत में भी घाट बन चुके हैं। पिछले 11 वर्षों में सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के लिए अनेक योजनाएं शुरू की नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ही मार्गदर्शन में हमने ‘श्रमेव जयते‘ में विश्वास करते हुए पिछले 11 वर्षों में आपकी सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। प्रधानमंत्री ने मातृशक्ति की क्षमताओं को पहचानते हुए लोक सभा और विधान सभा में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान किया है। निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए पिछले 11 वर्षों में करोडो रूपये किए खर्च मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने विभिन्न योजनाओं के तहत पिछले 11 वर्षों में निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए 3 हजार 866 करोड़ रुपये खर्च किये हैं। इसके अलावा, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा भी 11 वर्षों में श्रमिकों के कल्याण के लिए लगभग 778 करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों को ‘कन्यादान स्कीम‘ के तहत बेटियों की शादी के लिए हर शादी में 1 लाख 1 हजार रुपये का कन्यादान दिया जाता है। इसी प्रकार, बेटे व स्वयं की शादी पर भी 21 हजार रुपये की शगुन राशि दी जाती है। ‘अंत्योदय आहार योजना‘ के तहत महिलाओं को दिया जा रहा है कैंटीनों का प्रबंधन उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय आहार योजना‘ के तहत श्रमिकों को रियायती भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेशभर में 175 कैंटीन चल रही हैं। इन कैंटीनों का प्रबंधन महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों द्वारा किया जाता है, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा, भवन निर्माण और उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के फेफड़े सिलीकोसिस की विकट बीमारी से प्रभावित श्रमिक के पुनर्वास के लिए 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। ई.एस.आई. लाभार्थियों को कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं कर रहे प्रदान नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्रमिकों व उनके आश्रितों को 7 ई.एस.आई. अस्पतालों, 93 डिस्पेंसरी व 3 आयुर्वेदिक डिसपेंसरियों और एक मोबाइल डिस्पेंसरी द्वारा समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा, 157 सूचीबद्ध निजी अस्पताल ई.एस.आई. लाभार्थियों को कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। प्रदेश के 4 शहरों में ई.एस.आई. अस्पताल खोलने की दी अनुमति सरकार ने हिसार, रोहतक और अंबाला में भी 100-100 तथा सोनीपत में 150 बिस्तरों वाले ई.एस.आई. अस्पताल खोलने की अनुमति दी है। इसके अलावा, हर श्रमिक का अपना घर हो इसको लेकर ‘प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता योजना‘ लागू की है। इसमें मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र निर्माण श्रमिकों को 2 लाख 50 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता सीधे दी जाती है। मुुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण श्रमिक कार्यस्थलों पर दुर्घटनाओं के शिकार हो जाते हैं। ऐसे मामलों में श्रमिकों को समय पर मुआवज़ा उपलब्ध करवाने के लिए हमने एक श्रमिक हितैषी मुआवज़ा नीति बनाई है। इसके तहत, 10 लाख रुपये से कम लागत वाले निर्माण कार्य में किसी भी दुर्घटना पर मुआवजा में किसी भी कमी की भरपाई सीधे हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक कल्याण कोष से की जाएगी। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता , मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, पंचकूला छठ पूजा समिति के चेयरमैन श्री संजय कुमार, प्रधान श्री काशी नाथ, उप-प्रधान श्री चंद्रेश्वर चौरसिया, महासचिव श्री इंद्रजीत चौरसिया सहित काफी संख्या में छठ मैया के भक्तजन उपस्थित रहे।

Breaking News

नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता:नायब सिंह सैनी

*नशे के विरुद्ध संघर्ष में सराहनीय कार्य करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन, लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी* *हरियाणा में नशे के खिलाफ कार्रवाई होगी और मजबूत, बॉर्डर क्षेत्रों में बढ़ेगी एचएसएनसीबी की ताकत* चंडीगढ़, 27 अक्टूबर(,ईशान टाइम्स) — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन पुलिस थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जहां लापरवाही या ढिलाई बरती जा रही है, वहां सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखना चाहिए ताकि अन्य कर्मियों को भी संदेश जाए कि नशे के खिलाफ उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान मिलेगा, और जहां नशा फैल रहा है वहां कठोर कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज यहां नशा मुक्त भारत अभियान योजना के सम्बन्ध में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि नशा मुक्त घोषित गांवों का नियमित पुनर्मूल्यांकन किया जाए और अन्य राज्यों के साथ लगती प्रदेश की सीमा क्षेत्रों में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ताकत बढ़ाई जाए। इसके साथ ही विशेषज्ञों  को भी टीम में शामिल कर नशे की आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान को तेज करने, एनफोर्समेंट, डी-एडिक्शन और अवेयरनेस के तीनों पहलुओं पर समान रूप से काम करने और पंचायतों को सक्रिय भागीदार बनाने का निर्देश दिया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो अन्य सम्बंधित विभागों के साथ एक व्यापक अभियान चलाकर नशे की गिरफ्त में आए युवाओं की गंभीरता से स्क्रीनिंग सुनिश्चित करे। इस सम्बन्ध में तह तक जाकर पूरी जांच-पड़ताल की जाए। यह पता लगाया जाए कि नशा कहां से और किन स्रोतों से लाया जा रहा है। इस प्रकार नशे की पूरी सप्लाई चैन को पकड़कर उस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। हमारा उद्देश्य केवल नशे को रोकना नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को पुनः समाज की मुख्यधारा में जोड़ना है।  उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सेवा विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान की मुहीम को और तेज करें जिससे इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके। साथ ही, सभी संबंधित विभाग नशे के खिलाफ सशक्त अभियान में पंचायतों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों और सरपंचों को सम्मानित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाएं। *स्टेट प्रगति पोर्टल पर 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए समय पर पूरा करने के दिए निर्देश* इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्टेट प्रगति पोर्टल पर 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न 7 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी बैठक में ऐसे विभागों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए, जिनकी परियोजनाएं अंतर-विभागीय  मुद्दों के कारण समय पर पूर्ण नहीं हो पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी बैठकों में संबंधित विभागों की उपस्थिति से इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सकेगा, जिससे परियोजनाएं समय पर पूरी हों और नागरिकों को उनका लाभ शीघ्र मिल सके। मुख्यमंत्री ने हिसार जिले में मिर्जापुर रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से जोड़ने वाली चार लेन सड़क, बुढलाडा–रतिया–फतेहाबाद–भट्टू–भादरा सड़क निर्माण, घोगरीपुर से हरियाणा-दिल्ली सीमा तक दो लेन वाली रिलीफ रोड के निर्माण, नोएडा से फरीदाबाद होते हुए गुरुग्राम तक मास्टर रोड के निर्माण, पश्चिमी फरीदाबाद से पूर्वी फरीदाबाद तक निर्बाध संपर्क प्रदान करने वाली दो लिंक सड़कों के निर्माण, गुरुग्राम में नए न्यायिक परिसर (टॉवर ऑफ जस्टिस) तथा फतेहाबाद सेक्टर-9 में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ये सभी महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं ताकि प्रदेश के विकास कार्यों की गति और तेज हो सके। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग डॉ. सुमित्रा मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण विभाग विनीत गर्ग, अतिरिक्त मुख्य सचिव सेवा विभाग जी अनुपमा, अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा विभाग अपूर्व कुमार सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग अनुराग, अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Breaking News

आत्ममंथन’ की ज्योति से आलोकित निरंकारी संत समागम की तैयारियाँ समापन की ओर

चंडीगढ़/ पंचकूला /मोहाली, 24 अक्टूबर, 2025(ईशान टाइम्स):- सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की पावन छत्रछाया में 78वां वार्षिक निरंकारी संत समागम 31 अक्टूबर से 3 नवम्बर, 2025 तक संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा (हरियाणा) में अद्भुत दिव्यता और भव्यता के साथ आयोजित होने जा रहा है। आत्मीयता के इस उत्सव में देश-विदेश से असंख्य श्रद्धालु भाग लेकर आनंद का अनुभव प्राप्त करेंगे। श्रद्धा, समर्पण के साथ हज़ारों श्रद्धालुजन अपने-अपने क्षेत्रों से आकर पूर्ण तन्मयता और समर्पण भाव के साथ दिन रात सेवाओं में रत हैं; जिससे यह आयोजन अपनी अंतिम तैयारियों की ओर अग्रसर है। यह समागम केवल एक धार्मिक या वार्षिक आयोजन नहीं, अपितु ज्ञान, प्रेम और भक्ति का ऐसा पावन संगम है, जो ब्रह्मज्ञान द्वारा आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनता है। यहाँ श्रद्धालु न केवल आध्यात्मिक जागृति पाते हैं, बल्कि मानवता, विश्वबंधुत्व और आपसी सौहार्द की भावनाओं को भी आत्मसात करते हैं। यह आयोजन ‘आत्ममंथन’ की वह दिव्य भूमि है, जहाँ प्रत्येक साधक अपने अंतर्मन में झाँकने, आत्मचिंतन करने और आत्मिक चेतना को जागृत करने की प्रेरणा प्राप्त करता है। यह सम्पूर्ण आयोजन सतगुरु माता जी की दिव्य प्रेरणा और आशीर्वाद से संचालित हो रहा है। सतगुरु की यही मंगलकामना रहती है कि हर श्रद्धालु इस समागम में प्रेम, सम्मान और समुचित सुविधा का अनुभव करते हुए आध्यात्मिक रूप से परिपूर्ण हो। संत निरंकारी मंडल के सचिव श्री जोगिंदर सुखीजा के अनुसार एक समय पर जो स्थल केवल एक सामान्य मैदान था, वह अब संतो की कर्मठ सेवा भावना के कारण एक भव्य शामियानों की सुंदर नगरी में परिवर्तित हो चुका है। यह दिव्य वातावरण प्रत्येक आगंतुक को अपनी ओर आकर्षित करता है। समागम स्थल को एक दिव्य नगरी का रूप दिया गया है। विशाल पंडालों में भक्तों के लिए सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। समागम मंच पर हो रहे प्रेरणादायक प्रवचन, भावपूर्ण भजन और विचारों को समूचे परिसर में और अधिक प्रभावी रूप से दर्शाने हेतु समूचे परिसर में अत्याधुनिक एल.ई.डी. स्क्रिनें स्थापित की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ स्थानों पर बैठे श्रद्धालु भी उसी भाव, ऊर्जा और अनुभूति से सत्संग का लाभ प्राप्त कर सकें। पूरे समागम परिसर को चार प्रमुख खंडों में विभाजित किया गया है, जिससे संचालन, आवागमन और सुविधाओं का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। पिछले वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इस वर्ष भी मुंबई के श्रद्धालु भक्तों द्वारा निर्मित मुख्य स्वागत द्वार अपनी कलात्मक भव्यता के साथ समागम की आध्यात्मिक रूपरेखा का प्रतिबिंब बनकर उभरा है। यह द्वार न केवल सौंदर्य का प्रतीक है, बल्कि समर्पण, सेवा और सृजनशीलता का सजीव उदाहरण भी है। जैसे-जैसे समागम में श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है, वैसे-वैसे यह स्वागत द्वार भी अपने स्वरूप, विेस्तार और गरिमा में और अधिक भव्यता धारण करता जा रहा है, मानो यह समस्त मानवता को प्रेम, अपनत्व और समभाव से आमंत्रित करने हेतु तत्पर हो। इस पावन संत समागम में हर सज्जन महात्मा एवं श्रद्धालु भक्त का सादर आमंत्रण है। आइए, इस आत्मिक मिलन और भक्ति के महासंगम का हिस्सा बनें, सतगुरु के दिव्य दर्शन करें, उनके अमृतमय प्रवचनों का लाभ प्राप्त करें, और आत्मा को परमात्मा से जोड़ने की इस अनुपम यात्रा में सहभागी बनकर जीवन को धन्य करें। निसंदेह यह संत समागम केवल एक आयोजन नहीं बल्कि आत्म मंथन, आत्मबोध और आंतरिक शुद्धि का अवसर है।

Breaking News

हर थाना बनेगा विश्वास का प्रतीक, हर पुलिसकर्मी रहेगा सुरक्षित — डीजीपी ओ.पी. सिंह

हरियाणा के डीजीपी ओ पी सिंह की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित, प्रदेश भर के अधिकारियों ने वी सी के माध्यम से लिया बैठक में भाग– कहा- हरियाणा पुलिस का नया संकल्प: प्रोएक्टिव पुलिसिंग और ‘फाइटिंग फिट और वर्किंग आर्डर (fighting fit & working order)’ की नीति– सेवा भी, सुरक्षा भी: हरियाणा पुलिस की कार्यशैली में बड़ा बदलाव चंडीगढ़, (ईशान टाइम्स)— हरियाणा पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री ओ.पी. सिंह ने पुलिस मुख्यालय में सभी पुलिस आयुक्तों (CPs), पुलिस अधीक्षकों (SPs) और थाना प्रभारियों (SHOs) की बैठक ली। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस की कार्यशैली पूरी तरह बदलेगी। पुलिस को अब प्रोएक्टिव, समाधान देने वाली, समन्वयित और जनता के हित में काम करने वाली बनना होगा। साथ ही पुलिसकर्मियों के रहने और काम करने की स्थिति में भी सुधार किया जाएगा। थानों की हालत सुधारने के दिए आदेशडीजीपी ने हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन (HPHC) के अधिकारियों को आदेश दिए कि वे दो सप्ताह में सभी थानों और चौकियों की स्थिति में सुधार सुनिश्चित करें। रसोई, शौचालय, बिजली की वायरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि हर थाना साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित दिखना चाहिए। इसके लिए इंजीनियरों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे हर थाना खुद जाकर देखें और रिपोर्ट दें। जनता की सुरक्षा के लिए फाइटिंग फिट और वर्किंग आर्डर (fighting fit & working order)’ की नीतिहरियाणा पुलिस को फाइटिंग फिट और वर्किंग ऑर्डर में रखना मेरा प्रमुख ध्येय है। ड्यूटी के दौरान गलती होना स्वाभाविक है, पर अनुशासनहीनता या बदमाशी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगी।हरियाणा पुलिस 365 दिन, 24 घंटे जनता की सेवा में तत्पर है। मैं अपने किसी भी पुलिसकर्मी को नुकसान में नहीं देख सकता — हम यहाँ जान देने नहीं, बल्कि जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए हैं।अपराधी को कानून के अनुसार सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, लेकिन यदि कोई प्रतिकार करेगा, तो उसे तुरंत और उचित जवाब मिलेगा। हरियाणा पुलिस जनता और अपराधियों के बीच मजबूत ढाल बनकर खड़ी है। शहीद परिवारों की मदद में तेजीपुलिसकर्मियों के कल्याण संबंधी उन्होंने निर्देश दिए कि शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को नियमानुसार तुरंत मदद दी जाए। किसी काम में देरी न हो और हर 15 दिन में उनकी स्थिति की रिपोर्ट दी जाए। शहीदों के परिवार के काम रुकने नहीं चाहिए। जनता से संवाद और पुलिसकर्मियों से जुड़ावडीजीपी ने कहा कि जिले के सभी अधिकारी नियमित फील्ड विज़िट करें, पुलिसकर्मियों से बात करें और उनका मनोबल बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जनता से अच्छा व्यवहार बहुत ज़रूरी है। पुलिसकर्मी “Please, Sorry, Thank You” जैसे शब्दों का इस्तेमाल करें — इससे पुलिस की छवि बेहतर होगी और जनता का भरोसा बढ़ेगा। सोशल मीडिया पर सतर्कता और संवादडीजीपी ने कहा कि अब पुलिस को सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहना होगा। अफवाह फैलाने वालों और पुलिस विरोधी गलत जानकारी फैलाने वालों पर शुरुआत से ही नज़र रखी जाए। जिले के अधिकारी रोजाना सोशल मीडिया या टीवी के ज़रिए जनता से संवाद करें ताकि पारदर्शिता और भरोसा बना रहे। सहयोग से अपराध नियंत्रणसभी थाना और चौकियां मिलकर काम करें और आस पास के क्षेत्र में अपराध कम करने के लिए साझा रणनीति बनाएं। हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक श्री अर्शिंदर चावला को नए पुलिस सब-इंस्पेक्टरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए, ताकि वे फिल्मी नहीं बल्कि वास्तविक पुलिसिंग सीखें। अपराध में कमी और उपलब्धियां डीजीपी ने बताया कि हरियाणा में रेप के मामलों में 50 प्रतिशत की कमी आई है और कुल अपराधों में भी गिरावट दर्ज हुई है। नए आपराधिक कानूनों का सफल क्रियान्वयन गृह मंत्री ने सराहा है। सीसीटीएनएस सिस्टम में भी हरियाणा पूरे देश में शीर्ष पर है। अनुशासन और जिम्मेदारी डीजीपी ने कहा — विभाग पहले, सुविधा बाद में। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील इलाकों में तैनात अधिकारी बिना सूचना के छुट्टी पर न जाएं। SHO को छुट्टी से पहले IG को और SP को ADG (L&O) को सूचित करना होगा। डीजीपी श्री ओ.पी. सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य है – हर पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे, जनता निडर रहे, और हर थाना जनता के विश्वास का प्रतीक बने।

Scroll to Top