ishantimes

Ishan samvad

Breaking News, General

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने गुरुग्राम में “इंटरनेशनल रिलेशंस” पुस्तक का द्वितीय संस्करण किया लॉन्च

21वीं सदी में अंतरराष्ट्रीय संबंधों का अध्ययन आज पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण: राज्यपाल गुरुग्राम, 4 नवंबर (Sanjay Rai): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मंगलवार को गुरुग्राम स्थित साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर आधारित पुस्तक “इंटरनेशनल रिलेशंस – सिविल सेवा एवं राज्य सेवा परीक्षाओं हेतु” के दूसरे संस्करण का विमोचन किया। कार्यक्रम में भारत सरकार के पूर्व विदेश मंत्रालय सचिव दामु रवि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस पुस्तक के लेखक हैं स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हरियाणा के कुलपति प्रो. अशोक कुमार और गुरुग्राम के डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन। विमोचन से पहले राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि 21वीं सदी में अंतरराष्ट्रीय संबंधों का अध्ययन पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने बताया कि भौगोलिक सीमाओं के बावजूद आज की दुनिया अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, संचार और पर्यावरण के स्तर पर आपस में गहराई से जुड़ी हुई है। जलवायु परिवर्तन, वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दे अब किसी भी देश तक सीमित नहीं रह गए हैं। राज्यपाल ने पुस्तक को केवल एक शैक्षणिक मार्गदर्शिका नहीं बताया, बल्कि इसे जीवन दृष्टिकोण और नेतृत्व कौशल विकसित करने वाली कृति कहा। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक युवाओं को विवेकशील सोच, विचारशीलता और राष्ट्र सेवा के भाव से प्रेरित करेगी। प्रो. घोष ने आगे कहा कि पुस्तक में अनुभवसंपन्न प्रशासनिक और कूटनीतिक विशेषज्ञों की ज्ञान संपदा निहित है, जो विद्यार्थियों और नीति निर्माताओं के लिए मार्गदर्शन का कार्य करेगी। विशिष्ट अतिथि दामु रवि ने पुस्तक के नवीनतम संस्करण की सराहना करते हुए इसे समसामयिक और अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इसमें भारत की विदेश नीति में आए नए बदलाव और वैश्विक घटनाक्रमों का समावेश किया गया है। यह न केवल सिविल सेवा अभ्यर्थियों, बल्कि नीति निर्माता, शोधकर्ता और आम पाठकों के लिए भी लाभकारी होगी। पुस्तक के सह लेखक प्रो. अशोक कुमार ने बताया कि पुस्तक भारत की विदेश नीति, इंडो-पैसिफिक रणनीति, क्वाड सहयोग, कोविड संकट में मानवीय नेतृत्व और बहुपक्षीय मंचों जैसे जी-20 और ब्रिक्स पर भारत के बढ़ते प्रभाव का विश्लेषण करती है। वहीं, डॉ. राजेश मोहन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंध अब केवल औपचारिक कूटनीति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल युग में यह निरंतर बदलती प्रक्रिया बन गई है। विमोचन समारोह में राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष, हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के महानिदेशक मनोज यादव, साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय की प्रोवोस्ट प्रोफेसर एलायस फिलिप्स, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. संजय कौशिक, मैकग्रा हिल एजुकेशन के प्रोडक्ट डायरेक्टर तनवीर अहमद, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Breaking News

नेशनल लेवर पार्टी” ने की चंडीगढ़ से नई पार्टी की शुरूआत

“पंचकूला,(कमल कलसी, ईशान टाइम्स)।राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान पुत्र नीरज राय ने चंडीगढ़ के सेक्टर 27 प्रैस क्लब वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि देश के श्रमिकों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की आवाज़ को सशक्त बनाने तथा सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाने के उद्देश्य से नेशनल लेबर पार्टी (National Labour Party) का गठन किया गया है। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के सुप्रीम प्रेसीडेंट डॉ. दलजीत सिंह चौहान और राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज राय ने संयुक्त रूप से पार्टी की नीति, उद्देश्य और मिशन की घोषणा की। डॉ. दलजीत सिंह चौहान ने कहा कि —“देश में आज मेहनतकश वर्ग सबसे बड़ा लेकिन सबसे उपेक्षित वर्ग है। नेशनल लेबर पार्टी इस वर्ग की आवाज़ को संसद और विधानसभाओं तक पहुंचाएगी। हमारी पार्टी का सिद्धांत है — ‘कामगार भारत, सम्मानित भारत।’ हम ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं जिसमें हर मेहनतकश नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिले।” राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान पुत्र नीरज राय ने कहा कि नेशनल लेबर पार्टी का उद्देश्य राजनीति को जनसेवा से जोड़ना है, न कि सत्ता की होड़ से। उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत कर रही है और प्रत्येक राज्य में जनसंवाद यात्रा शुरू करने की योजना बना रही है ताकि आम जनता की समस्याओं को सीधे समझकर समाधान के लिए ठोस नीति बनाई जा सके। उन्होंने आगे कहा कि —“देश के मजदूर, किसान, युवा और महिलाएँ अब मौन नहीं रहेंगे। नेशनल लेबर पार्टी उन्हें एक मज़बूत मंच देगी, जो केवल वादे नहीं बल्कि परिणाम देगा।” 📢 संदेश जनता के नाम:नेशनल लेबर पार्टी सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे जाति, धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर देश के विकास और मेहनतकश वर्ग के सम्मान के लिए एकजुट हों।पार्टी का उद्देश्य है —“हर मेहनतकश का मान, यही है सच्चा हिन्दुस्तान।” 🔴 पार्टी का मुख्य एजेंडा और नीति आज निम्न राष्ट्रीय पदाधिकारियों को नामित किया गया..राष्ट्रीय सलाहकार-परविंदर सिंह सेठीसुप्रीम अध्यक्ष-डॉ दलजीत सिंह चौहानराष्ट्रीय अध्यक्ष – नीरज रायराष्ट्रीय उपाध्यक्ष- संजीव कौशिकराष्ट्रीय महासचिव-कंचन कुमारी सहित अनेकों पार्टी सदस्य मौजूद रहे।

Breaking News

भरत मिलाप मेला को लेकर चौरी में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

एएसपी शुभम अग्रवाल व सीओ प्रभात राय ने पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त, सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी भदोही(राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।आगामी भरत मिलाप मेला के सकुशल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत मंगलवार को थाना चौरी क्षेत्र के चौकी चौरी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक भदोही शुभम अग्रवाल ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी औराई प्रभात राय तथा थाना प्रभारी चौरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु, सम्भ्रांत नागरिक, ग्राम प्रधान व डिजिटल वालंटियर्स ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों से संवाद कर उनके सुझाव सुने और भरत मिलाप मेला को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा और न ही सड़कों को बाधित कर कोई आयोजन किया जाएगा। सभी आयोजनों में शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि असामाजिक या अराजक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की कोशिश की गई तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिले तो तुरंत थाना पुलिस या डायल-112 पर सूचित करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है। किसी व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के उपरांत एएसपी से शुभम अग्रवाल एवं सीओ प्रभात राय ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त व भ्रमण किया और नागरिकों से संवाद कर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Breaking News

खाद्य आपूर्ति कार्यालय की मनमानी से उपभोक्ता परेशान

आपूर्ति कार्यालय की मनमानी से उपभोक्ता परेशान, पूर्व सभासद दानिश सिद्दीकी ने जताई नाराज़गी गरीबों के राशन कार्ड बिना कारण काटे जाने पर उठाए सवाल, ईओ से मिलकर की शिकायत भदोही, 28 अक्टूबर (राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।नगर के पूर्व सभासद एवं समाजवादी पार्टी के युवा नेता दानिश सिद्दीकी ने सोमवार को नगर पालिका परिषद भदोही के अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर खाद्य आपूर्ति अधिकारी के खिलाफ एक शिकायती पत्र सौंपा। दानिश सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि नगर के पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों के नाम बिना किसी ठोस कारण के पात्रता सूची से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब इस संबंध में खाद्य आपूर्ति अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह कार्रवाई नगर पालिका द्वारा कराए गए सत्यापन के आधार पर की गई है, जबकि अधिशासी अधिकारी को इस तरह की किसी जांच की जानकारी ही नहीं है। दानिश ने कहा कि आपूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों की मनमानी, हठधर्मिता और लालच के चलते गरीब उपभोक्ताओं के राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं। इससे गरीब परिवारों के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड बहाल नहीं किए गए, तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।अधिशासी अधिकारी ने इस संबंध में दानिश सिद्दीकी को आश्वासन दिया कि मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी और सभी पात्र उपभोक्ताओं के राशन कार्ड पुनः बहाल कराए जाएंगे, ताकि गरीबों को सरकार द्वारा दी जा रही राशन सुविधा का लाभ मिल सके।

Breaking News

जहवाँ हरियाणा के माटी में ताकत बा, ओही जगह पूर्वाचल के संस्कृति में भावना- मुख्यमंत्री नायब सैनी

छठ पर्व भारतीय संस्कृति का सेतु ही नहीं बल्कि देश के हर क्षेत्र को आस्था के धागे से जोड़ता है- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी छठ पर्व ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘ का उत्तम उदाहरण पंचकूला 27 अक्तूबर (संजय राय, )। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति का सेतु ही नहीं बल्कि देश के हर क्षेत्र को आस्था के धागे से जोड़ता है। साथ ही यह समानता की अद्भुत मिसाल भी है और हमारी संस्कृति व आस्था का प्रकृति से कितना गहरा जुड़ाव भी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात आज यहां पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय छठ पूजा महोत्सव में उपस्थित लोगों को सम्बोधित के दौरान कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आस्था के महापर्व छठ पूजा की बधाई और शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि छठ पूजा समिति, पंचकूला द्वारा छठ घाट के सौंदर्यकरण से सम्बंधित मांगों को पूरा करवाया जाएगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने छठ मईया की पूजा-अर्चना में भाग लिया तथा घाट पर डूबते सूर्य देव को अर्ध्य अर्पित किया । नायब सिंह सैनी ने कहा कि जहवाँ हरियाणा के माटी में ताकत बा, ओही जगह पूर्वाचल के संस्कृति में भावना बा-जब दुगो मिल जाला, त विकास आ विश्वास दुनो बढ़ जाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें आपसी मेलजोल सिखाता है। यहां कोई बड़ा-छोटा नहीं है, कोई ऊंच-नीच नहीं है। पूर्वांचल में मनाया जाने वाला यह पर्व अब विभिन्न प्रदेशों की सीमाएं लांघकर देशभर में मनाया जाने लगा मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘ का उत्तम उदाहरण कहा जा सकता है। मूल रूप से पूर्वांचल में मनाया जाने वाला यह पर्व अब विभिन्न प्रदेशों की सीमाएं लांघकर देशभर में मनाया जाने लगा है। पूर्वांचल के मेहनती और कर्मठ लोग आज विभिन्न प्रदेशों में अपनी कड़ी मेहनत से वहां की अर्थव्यवस्था में योगदान कर रहे हैं। आप जहां-जहां गये, वहां-वहां छठ पर्व भी पहुंच गया और सनातन संस्कृति के वहां के पुजारियों ने भी छठ पर्व को श्रद्धा व आस्था के साथ मनाना शुरू कर दिया। प्रदेश में कई शहरों में छठ पूजा के लिए बनाए जा चुके है घाट उन्होंने कहा कि छठ पूजा के लिए पंचकूला में भी घाट बनाया जा चुका है। इसके अलावा, दानवीर कर्ण की नगरी करनाल में भी सूर्यनारायण मन्दिर के सामने पश्चिमी यमुना कैनाल पर 4 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से स्नान घाट का निर्माण किया गया है। इसी घाट के सामने नहर के दूसरे किनारे पर भी स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एक और घाट का निर्माण हो चुका है। इसके अलावा, पानीपत व सोनीपत में भी घाट बन चुके हैं। पिछले 11 वर्षों में सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के लिए अनेक योजनाएं शुरू की नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ही मार्गदर्शन में हमने ‘श्रमेव जयते‘ में विश्वास करते हुए पिछले 11 वर्षों में आपकी सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। प्रधानमंत्री ने मातृशक्ति की क्षमताओं को पहचानते हुए लोक सभा और विधान सभा में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान किया है। निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए पिछले 11 वर्षों में करोडो रूपये किए खर्च मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने विभिन्न योजनाओं के तहत पिछले 11 वर्षों में निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए 3 हजार 866 करोड़ रुपये खर्च किये हैं। इसके अलावा, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा भी 11 वर्षों में श्रमिकों के कल्याण के लिए लगभग 778 करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों को ‘कन्यादान स्कीम‘ के तहत बेटियों की शादी के लिए हर शादी में 1 लाख 1 हजार रुपये का कन्यादान दिया जाता है। इसी प्रकार, बेटे व स्वयं की शादी पर भी 21 हजार रुपये की शगुन राशि दी जाती है। ‘अंत्योदय आहार योजना‘ के तहत महिलाओं को दिया जा रहा है कैंटीनों का प्रबंधन उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय आहार योजना‘ के तहत श्रमिकों को रियायती भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेशभर में 175 कैंटीन चल रही हैं। इन कैंटीनों का प्रबंधन महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों द्वारा किया जाता है, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा, भवन निर्माण और उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के फेफड़े सिलीकोसिस की विकट बीमारी से प्रभावित श्रमिक के पुनर्वास के लिए 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। ई.एस.आई. लाभार्थियों को कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं कर रहे प्रदान नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्रमिकों व उनके आश्रितों को 7 ई.एस.आई. अस्पतालों, 93 डिस्पेंसरी व 3 आयुर्वेदिक डिसपेंसरियों और एक मोबाइल डिस्पेंसरी द्वारा समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा, 157 सूचीबद्ध निजी अस्पताल ई.एस.आई. लाभार्थियों को कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। प्रदेश के 4 शहरों में ई.एस.आई. अस्पताल खोलने की दी अनुमति सरकार ने हिसार, रोहतक और अंबाला में भी 100-100 तथा सोनीपत में 150 बिस्तरों वाले ई.एस.आई. अस्पताल खोलने की अनुमति दी है। इसके अलावा, हर श्रमिक का अपना घर हो इसको लेकर ‘प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता योजना‘ लागू की है। इसमें मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र निर्माण श्रमिकों को 2 लाख 50 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता सीधे दी जाती है। मुुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण श्रमिक कार्यस्थलों पर दुर्घटनाओं के शिकार हो जाते हैं। ऐसे मामलों में श्रमिकों को समय पर मुआवज़ा उपलब्ध करवाने के लिए हमने एक श्रमिक हितैषी मुआवज़ा नीति बनाई है। इसके तहत, 10 लाख रुपये से कम लागत वाले निर्माण कार्य में किसी भी दुर्घटना पर मुआवजा में किसी भी कमी की भरपाई सीधे हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक कल्याण कोष से की जाएगी। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता , मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, पंचकूला छठ पूजा समिति के चेयरमैन श्री संजय कुमार, प्रधान श्री काशी नाथ, उप-प्रधान श्री चंद्रेश्वर चौरसिया, महासचिव श्री इंद्रजीत चौरसिया सहित काफी संख्या में छठ मैया के भक्तजन उपस्थित रहे।

Breaking News

आत्ममंथन’ की ज्योति से आलोकित निरंकारी संत समागम की तैयारियाँ समापन की ओर

चंडीगढ़/ पंचकूला /मोहाली, 24 अक्टूबर, 2025(ईशान टाइम्स):- सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की पावन छत्रछाया में 78वां वार्षिक निरंकारी संत समागम 31 अक्टूबर से 3 नवम्बर, 2025 तक संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा (हरियाणा) में अद्भुत दिव्यता और भव्यता के साथ आयोजित होने जा रहा है। आत्मीयता के इस उत्सव में देश-विदेश से असंख्य श्रद्धालु भाग लेकर आनंद का अनुभव प्राप्त करेंगे। श्रद्धा, समर्पण के साथ हज़ारों श्रद्धालुजन अपने-अपने क्षेत्रों से आकर पूर्ण तन्मयता और समर्पण भाव के साथ दिन रात सेवाओं में रत हैं; जिससे यह आयोजन अपनी अंतिम तैयारियों की ओर अग्रसर है। यह समागम केवल एक धार्मिक या वार्षिक आयोजन नहीं, अपितु ज्ञान, प्रेम और भक्ति का ऐसा पावन संगम है, जो ब्रह्मज्ञान द्वारा आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनता है। यहाँ श्रद्धालु न केवल आध्यात्मिक जागृति पाते हैं, बल्कि मानवता, विश्वबंधुत्व और आपसी सौहार्द की भावनाओं को भी आत्मसात करते हैं। यह आयोजन ‘आत्ममंथन’ की वह दिव्य भूमि है, जहाँ प्रत्येक साधक अपने अंतर्मन में झाँकने, आत्मचिंतन करने और आत्मिक चेतना को जागृत करने की प्रेरणा प्राप्त करता है। यह सम्पूर्ण आयोजन सतगुरु माता जी की दिव्य प्रेरणा और आशीर्वाद से संचालित हो रहा है। सतगुरु की यही मंगलकामना रहती है कि हर श्रद्धालु इस समागम में प्रेम, सम्मान और समुचित सुविधा का अनुभव करते हुए आध्यात्मिक रूप से परिपूर्ण हो। संत निरंकारी मंडल के सचिव श्री जोगिंदर सुखीजा के अनुसार एक समय पर जो स्थल केवल एक सामान्य मैदान था, वह अब संतो की कर्मठ सेवा भावना के कारण एक भव्य शामियानों की सुंदर नगरी में परिवर्तित हो चुका है। यह दिव्य वातावरण प्रत्येक आगंतुक को अपनी ओर आकर्षित करता है। समागम स्थल को एक दिव्य नगरी का रूप दिया गया है। विशाल पंडालों में भक्तों के लिए सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। समागम मंच पर हो रहे प्रेरणादायक प्रवचन, भावपूर्ण भजन और विचारों को समूचे परिसर में और अधिक प्रभावी रूप से दर्शाने हेतु समूचे परिसर में अत्याधुनिक एल.ई.डी. स्क्रिनें स्थापित की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ स्थानों पर बैठे श्रद्धालु भी उसी भाव, ऊर्जा और अनुभूति से सत्संग का लाभ प्राप्त कर सकें। पूरे समागम परिसर को चार प्रमुख खंडों में विभाजित किया गया है, जिससे संचालन, आवागमन और सुविधाओं का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। पिछले वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इस वर्ष भी मुंबई के श्रद्धालु भक्तों द्वारा निर्मित मुख्य स्वागत द्वार अपनी कलात्मक भव्यता के साथ समागम की आध्यात्मिक रूपरेखा का प्रतिबिंब बनकर उभरा है। यह द्वार न केवल सौंदर्य का प्रतीक है, बल्कि समर्पण, सेवा और सृजनशीलता का सजीव उदाहरण भी है। जैसे-जैसे समागम में श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है, वैसे-वैसे यह स्वागत द्वार भी अपने स्वरूप, विेस्तार और गरिमा में और अधिक भव्यता धारण करता जा रहा है, मानो यह समस्त मानवता को प्रेम, अपनत्व और समभाव से आमंत्रित करने हेतु तत्पर हो। इस पावन संत समागम में हर सज्जन महात्मा एवं श्रद्धालु भक्त का सादर आमंत्रण है। आइए, इस आत्मिक मिलन और भक्ति के महासंगम का हिस्सा बनें, सतगुरु के दिव्य दर्शन करें, उनके अमृतमय प्रवचनों का लाभ प्राप्त करें, और आत्मा को परमात्मा से जोड़ने की इस अनुपम यात्रा में सहभागी बनकर जीवन को धन्य करें। निसंदेह यह संत समागम केवल एक आयोजन नहीं बल्कि आत्म मंथन, आत्मबोध और आंतरिक शुद्धि का अवसर है।

Breaking News

हर थाना बनेगा विश्वास का प्रतीक, हर पुलिसकर्मी रहेगा सुरक्षित — डीजीपी ओ.पी. सिंह

हरियाणा के डीजीपी ओ पी सिंह की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित, प्रदेश भर के अधिकारियों ने वी सी के माध्यम से लिया बैठक में भाग– कहा- हरियाणा पुलिस का नया संकल्प: प्रोएक्टिव पुलिसिंग और ‘फाइटिंग फिट और वर्किंग आर्डर (fighting fit & working order)’ की नीति– सेवा भी, सुरक्षा भी: हरियाणा पुलिस की कार्यशैली में बड़ा बदलाव चंडीगढ़, (ईशान टाइम्स)— हरियाणा पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री ओ.पी. सिंह ने पुलिस मुख्यालय में सभी पुलिस आयुक्तों (CPs), पुलिस अधीक्षकों (SPs) और थाना प्रभारियों (SHOs) की बैठक ली। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस की कार्यशैली पूरी तरह बदलेगी। पुलिस को अब प्रोएक्टिव, समाधान देने वाली, समन्वयित और जनता के हित में काम करने वाली बनना होगा। साथ ही पुलिसकर्मियों के रहने और काम करने की स्थिति में भी सुधार किया जाएगा। थानों की हालत सुधारने के दिए आदेशडीजीपी ने हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन (HPHC) के अधिकारियों को आदेश दिए कि वे दो सप्ताह में सभी थानों और चौकियों की स्थिति में सुधार सुनिश्चित करें। रसोई, शौचालय, बिजली की वायरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि हर थाना साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित दिखना चाहिए। इसके लिए इंजीनियरों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे हर थाना खुद जाकर देखें और रिपोर्ट दें। जनता की सुरक्षा के लिए फाइटिंग फिट और वर्किंग आर्डर (fighting fit & working order)’ की नीतिहरियाणा पुलिस को फाइटिंग फिट और वर्किंग ऑर्डर में रखना मेरा प्रमुख ध्येय है। ड्यूटी के दौरान गलती होना स्वाभाविक है, पर अनुशासनहीनता या बदमाशी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगी।हरियाणा पुलिस 365 दिन, 24 घंटे जनता की सेवा में तत्पर है। मैं अपने किसी भी पुलिसकर्मी को नुकसान में नहीं देख सकता — हम यहाँ जान देने नहीं, बल्कि जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए हैं।अपराधी को कानून के अनुसार सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, लेकिन यदि कोई प्रतिकार करेगा, तो उसे तुरंत और उचित जवाब मिलेगा। हरियाणा पुलिस जनता और अपराधियों के बीच मजबूत ढाल बनकर खड़ी है। शहीद परिवारों की मदद में तेजीपुलिसकर्मियों के कल्याण संबंधी उन्होंने निर्देश दिए कि शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को नियमानुसार तुरंत मदद दी जाए। किसी काम में देरी न हो और हर 15 दिन में उनकी स्थिति की रिपोर्ट दी जाए। शहीदों के परिवार के काम रुकने नहीं चाहिए। जनता से संवाद और पुलिसकर्मियों से जुड़ावडीजीपी ने कहा कि जिले के सभी अधिकारी नियमित फील्ड विज़िट करें, पुलिसकर्मियों से बात करें और उनका मनोबल बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जनता से अच्छा व्यवहार बहुत ज़रूरी है। पुलिसकर्मी “Please, Sorry, Thank You” जैसे शब्दों का इस्तेमाल करें — इससे पुलिस की छवि बेहतर होगी और जनता का भरोसा बढ़ेगा। सोशल मीडिया पर सतर्कता और संवादडीजीपी ने कहा कि अब पुलिस को सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहना होगा। अफवाह फैलाने वालों और पुलिस विरोधी गलत जानकारी फैलाने वालों पर शुरुआत से ही नज़र रखी जाए। जिले के अधिकारी रोजाना सोशल मीडिया या टीवी के ज़रिए जनता से संवाद करें ताकि पारदर्शिता और भरोसा बना रहे। सहयोग से अपराध नियंत्रणसभी थाना और चौकियां मिलकर काम करें और आस पास के क्षेत्र में अपराध कम करने के लिए साझा रणनीति बनाएं। हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक श्री अर्शिंदर चावला को नए पुलिस सब-इंस्पेक्टरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए, ताकि वे फिल्मी नहीं बल्कि वास्तविक पुलिसिंग सीखें। अपराध में कमी और उपलब्धियां डीजीपी ने बताया कि हरियाणा में रेप के मामलों में 50 प्रतिशत की कमी आई है और कुल अपराधों में भी गिरावट दर्ज हुई है। नए आपराधिक कानूनों का सफल क्रियान्वयन गृह मंत्री ने सराहा है। सीसीटीएनएस सिस्टम में भी हरियाणा पूरे देश में शीर्ष पर है। अनुशासन और जिम्मेदारी डीजीपी ने कहा — विभाग पहले, सुविधा बाद में। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील इलाकों में तैनात अधिकारी बिना सूचना के छुट्टी पर न जाएं। SHO को छुट्टी से पहले IG को और SP को ADG (L&O) को सूचित करना होगा। डीजीपी श्री ओ.पी. सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य है – हर पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे, जनता निडर रहे, और हर थाना जनता के विश्वास का प्रतीक बने।

Breaking News

नायब के नेतृत्व में हरियाणा ने एक साल में भरी विकास की उड़ान

अपनी मुस्कान और मिलनसार शैली से मन मोह लेने वाले नायब सैनी ने केंद्रीय नेतृत्व के आदेश पर पहली बार 12 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद अक्टूबर 2024 में चुनाव हुए तो खुद को साबित करके भी दिखाया और आज ही के दिन 17 अक्टूबर 2024 को फिर से मुख्यमंत्री की शपथ ली। इस डेढ़ साल में मुख्यमंत्री नायब ने अपने आपको नायाब साबित करने के साथ-साथ प्रदेश की जनता के सपनों को साकार करने की दिशा में ऐसे-ऐसे कदम उठाए हैं, जो हरियाणा को विकसित हरियाणा की तरफ लेकर जाते दिख रहे हैं। हालांकि विपक्ष उनके खिलाफ हर समय एक झूठा नैरेटिव गढ़ने और उन्हें डमी बताने का घटिया प्रोपगंडा रचता रहता है, लेकिन नायब सैनी ने अपनी खिलखिलाती मुस्कान और अपने सरल स्वभाव से प्रदेश की जनता का दिल और विधानसभा की 48 सीटें जीतकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे सारे मिथक तोड़े। तब से लगातार नायब सैनी का फोकस  प्रदेश के विकास पर है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन में हरियाणा की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बनाने पर है। इसलिए चुनाव के समय संकल्प पत्र के वादों को अब एक-एक कर पूरा करने के साथ साथ ऐसी नई योजनाओं पर भी काम किये जा रहे हैं, जिनसे प्रदेश के गरीब, युवा, महिला और किसान समाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। विभागीय कार्यों में पारदर्शिता से पर्ची-खर्ची का दौर लगभग पूरी तरह समाप्त हुआ है। आईए, सबसे पहले उन कार्यों पर नजर डालते हैं, जिनसे नायब सरकार जनता का विश्वास जीतने में कामयाब रही है।नायब सैनी मातृभूमि के लिए जान देने वाले शहीदों के परिवारों व उनके आश्रितों का सहारा बनें। स्वतंत्रता सेनानियों व उनकी विधवाओं की पेंशन 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 40 हजार की। युद्ध में शहीद सैनिकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर 1 करोड रुपये की। शहीद सैनिकों के परिवारों के 410 आश्रितों को नौकरियां दी हैं। युवाओं को पिछले साढ़े 10 साल में 1 लाख 80 हजार नौकरियां दी हैं. जबकि कांग्रेस 10 साल के राज में मात्र 80 हजार नौकरियां ही दे पाई थी। हाल ही में कॉमन पात्रता परीक्षा में 13 लाख युवाओं ने भाग लिया। इस परीक्षा ने प्रबंधन और पारदर्शिता में नायब सरकार का लोहा मनवाया। कानून बनाकर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत युवाओं के भविष्य को भी सुक्षित किया। अब इन युवाओं को नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर महंगाई भत्ता और वार्षिक इंक्रीमेंट भी दिया जाएगा। किसानों से किए गए वादे की निभाते हुए नायब सैनी सरकार ने सभी 24 फसलों को न केवल एमएसपी पर खरीदना शुरू किया बल्कि सरकार एमएसपी बढ़ाकर दे रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 48 हजार करोड़ रुपये भी डाले जा चुके हैं। पिछले साढ़े 10 सालों में किसानों को फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 15 हजार 465 करोड़ से अधिक रुपये दिये हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत भी लगभग हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाले गए हैं। अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को जड़ से खत्म किया। कृषि भूमि पट्टा एक्ट लागू करके पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाल किया है।गरीब कल्याण के लिए कदम बढ़ाते हुए नायब सरकार ने अनुसूचित जातियों के आरक्षण को दो वर्गों में बांटकर अब तक वंचित रह गए लोगों को उनका अधिकार दिया। पिछड़ा वर्ग की क्रीमिलेयर आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया है। पिछड़ा वर्ग को पंचायती राज संस्थाओं व शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया है। प्रजापति समाज को मिट्टी के बर्तन का कारोबार चलाने के लिए 1700 गांवों में जमीन दी है। गरीब परिवारों की बेटियों को शादी पर ’मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना’ के तहत 71 हजार रुपये तक शगुन नायब सरकार द्वारा दिया जा रहा है।गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए ’प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत 1 लाख 47 हजार मकान दिये जा चुके हैं। गरीब परिवारों को ’मुख्यमंत्री आवास योजना-शहरी’ के तहत 14 शहरों में 15 हजार 256 गरीब परिवारों प्लाट दिए जा चुके हैं। ’मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण’ के तहत 58 ग्राम पंचायतों में 3 हजार 884 प्लाट दिए हैं। इस योजना के दूसरे चरण में 1 लाख 59 हजार परिवारों ने पंजीकरण करवाया है। गांवों में पंचायती भूमि पर बने 500 वर्ग गज तक के मकानों पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिया है।सामाजिक सुरक्षा पेंशन एक हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये मासिक की है। नायब सरकार ने ऐसी व्यवस्था की है कि धन के अभाव में कोई भी गरीब इलाज से वंचित नहीं रह सके। ’आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत अब तक 22 लाख लोग अपना इलाज मुफ्त करवा चुके हैं। किडनी के रोग से पीड़ित रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं शुरू की हैं। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है तथा 9 अन्य निर्माणाधीन हैं।खेलों का जिक्र होते ही हर हरियाणावासी का सीना चौड़ा हो जाता है। खेल नीति के तहत ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक नकद इनाम देने की परम्परा भाजपा सरकार ने ही शुरू की। 19 जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 करोड़ रुपये की लागत से 250 इंडोर जिम खोले गये हैं।संकल्प पत्र में महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपए देने का वादा नायब सैनी ने निभाया। पहले ही चरण में एक लाख रुपए वार्षिक आय तक की 20 लाख से अधिक महिलाओं को ये मिलने लगेंगे। 18 लाख गरीब महिलाओं को  रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। बहन बेटियों को उच्च शिक्षा देने के लिए प्रदेश में खोले गये 80 कालेजों में से 30 लड़कियों के हैं। 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की तरफ बढ़ते हुए अब तक 2 लाख 13 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है।’ड्रोन दीदी योजना’ में 100 महिलाओं को मुफ्त ड्रोन व प्रशिक्षण दिया जा चुका

Breaking News

धर्म,जाति या राजनीति के आधार पर फर्जी खबर, भड़काऊ पोस्ट , अफवाह फैलाई तो कार्रवाई तय: डीसीपी सृष्टि गुप्ता

साइबर मॉनिटरिंग टीम गठित, 24 घंटे सक्रियता से प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर रहेगी निगरानी सोशल मीडिया एक सकारात्मक और जिम्मेदार संवाद का मंच बने, न कि अफवाहों और नफरत का अड्डा: डीसीपी सृष्टि गुप्ता पंचकूला,(कमल कलसी, ईशान टाइम्स)। सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग पर अब पंचकूला पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। डीसीपी सृष्टि गुप्ता के आदेशानुसार जिला पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कीमत पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अपराध और नफरत फैलाने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा कि धर्म, जाति या राजनीति के आधार पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ, झूठी या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि फॉरवर्ड करने वाला भी दोषी माना जाएगा और ग्रुप एडमिन को विशेषकर जिम्मेदार ठहराया जाएगा। इसके साथ ही अनावश्यक कमेंट, लाइक या फॉरवर्ड करने वालो को भी पुलिस कानून के दायरे मे लाएगी।डीसीपी ने बताया कि पंचकूला पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए एक विशेष साइबर मॉनिटरिंग टीम गठित की है, जो 24 घंटे सक्रिय रहकर हर प्लेटफॉर्म — व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर), यूट्यूब आदि पर नजर रख रही है। इस टीम का उद्देश्य समाज में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर नफरत, अफवाह, या दहशत फैलाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ आईटी एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत तुरंत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की फर्जी खबर, एडिटेड वीडियो, भड़काऊ मैसेज या उकसाने वाली पोस्ट शेयर न करें। उन्होंने कहा कि “फॉरवर्डेड” लिखकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश अब नहीं चलेगी — कानून हर उस व्यक्ति तक पहुंचेगा जो ऐसी सामग्री को फैलाने में शामिल है। सोशल मीडिया एक सकारात्मक और जिम्मेदार संवाद का मंच बने, न कि अफवाहों और नफरत का अड्डा।डीसीपी ने अंत में कहा कि सोशल मीडिया पर आज़ादी के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है। कोई भी व्यक्ति यदि समाज की शांति व सद्भावना भंग करेगा, तो उसे कानून का सामना करना पड़ेगा।” इसलिए भड़काऊ पोस्ट डालने या फॉरवर्ड करने से पहले सोचें, वरना कार्रवाई तय है।

Breaking News

विश्वास फाउंडेशन को पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

चंडीगढ़ 15 अक्टूबर (संजय राय ,ईशान टाइम्स)। रक्तदान के क्षेत्र में समाज में अमूल्य योगदान देने पर गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्षा साध्वी नीलिमा विश्वास जी को सराहनीय योगदान देने पर पंजाब के राज्यपाल व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी पंजाब के अध्यक्ष महामहिम श्री गुलाब चंद कटारिया ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।विश्वास फाउंडेशन के संयुक्त सचिव ऋषि सरल विश्वास ने बताया कि गुरु नानक देव ऑडिटोरीअम पंजाब राज भवन चंडीगढ़ में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी पंजाब स्टेट ब्रांच की तरफ से आयोजित वार्षिक आम बैठक 2025 के कार्यक्रम में साध्वी नीलिमा विश्वास जी को सम्मान दिया गया। इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी पंजाब स्टेट ब्रांच के सचिव शिव दुलार सिंह ढिल्लों उपस्थित रहे।

Scroll to Top