चोरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए एवं ग्रीन बेल्ट को दोबारा से सुन्दर एवं हरा भरा बनाये जाने की कार्रवाई की जाए ।
पंचकूला, 23 मार्च (Ishantimes): जननायक जनता पार्टी पंचकूला के जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने आज पूर्व पार्षद एवं जजपा पंचकूला के हल्का अध्यक्ष राजेश निषाद के साथ पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन एवं इंडस्ट्रियल एरिया फेज टू की ग्रीन बेल्ट जो सेक्टर 14,15 एवं सेक्टर 16 की तरफ लगभग 1.5 किलोमीटर की लम्बाई में बनी हुई है उसका निरीक्षण किया तथा पाया कि तत्कालीन हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा काफी सालो पहले लगाई गई 80 प्रतिशत ग्रिल एवं ईंटे चोरी हो गई हैं । ओ पी सिहाग ने याद करते हुए कहा कि काफी सालों पहले इस ग्रीन बेल्ट में बहुत ज्यादा पेड़ पौधे, सुन्दर घास तथा फ़ूलों के पौधे लगाये गये थे एवं चारों तरफ चारदीवारी करके सुन्दर ग्रिल भी लगाई थी। पिछले कई सालों से सरकार द्वारा इस ग्रीन बेल्ट के रखरखाव का जिम्मा कभी एच एस वी पी तो कभी एच एस आई डी तो कभी पी एम डी ए को सौंपने का काम किया गया। परंतु इन सभी विभागों के अधिकारियों की लापरवाही एवं गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण य़ह ग्रीन बेल्ट उजड़ती गई।

ओ पी सिहाग ने कहा कि पिछले 2-3 सालों से तो य़ह ग्रीन बेल्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपेक्षा की बुरी तरह शिकार हुई है।उन्होंने कहा कि इसी बात का फायदा उठा कर नशेड़ी लोगों तथा चोरों ने इस ग्रीन बेल्ट के चारों तरफ लगाई गई ग्रिल एवं ईंटों को चोरी करना शुरू कर दिया तथा आज लाखों रुपये की 80 प्रतिशत से ज्यादा ग्रिल एवं ईंटों की चोरी हो गई है। उन्होंने कहा कि बड़े ही हैरत की बात है कि अब जो विभाग इस की देख रेख कर रहा है उसके अधिकारियों द्वारा भी इस ग्रीन बेल्ट में हर रोज हो रही चोरी एवं बड़े बड़े पेड़ों के काटे जाने को रोकने को लेकर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग एवं जजपा पंचकूला हल्का अध्यक्ष राजेश निषाद ने प्रदेश सरकार एवं मौजूदा समय पर इस ग्रीन बेल्ट की देख रेख कर रहे पंचकूला मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि जो बची हुई ग्रिल, ईंट एवं बड़े पेड़ पौधे है उनकी सुरक्षा की जिम्मेवारी सही ढंग से की जाए, जो लाखों रुपये की ग्रिल, ईंटों एवं पेड़ों की चोरी हुई है उस बारे तुरंत एफ आई आर दर्ज करवा कर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा जिन अधिकारियों की लापरवाही की वजह से ग्रीन बेल्ट के ये हालात हुए हैं उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग एवं हल्का अध्यक्ष राजेश निषाद ने पी एम डी ए के मुख्य प्रशासक से अपील की है इस पूरी ग्रीन बेल्ट को फिर से हरा भरा एवं सुन्दर ग्रिल तथा फूलों वाले पौधे लगाने बारे उचित कार्रवाई की जाए तथा इसके बीच-बीच बह रहे बरसाती नाले की साफ सफाई करवा कर गन्दगी को हटाया जाए ताकि आसपास के सेक्टरो एवं कालोनियों के लोग पहले की तरह सुबह श्याम घूम सके ।



