ishantimes

हरियाणा में खेल प्रशिक्षकों का मानदेय बढ़ाने की तैयारी

जूनियर को 25 हजार तो सीनियर कोच को मिलेंगे इतने रुपये*

हरियाणा में खेल नर्सरियों में गड़बड़ी रोकने के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू की जाएगी। खेल विभाग ने कोच के मानदेय और खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी बढ़ोतरी का फैसला किया है.प्रहलाद। इस साल नर्सरियों की संख्या 1500 से बढ़ाकर 2000 की जाएगी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि इसका उद्देश्य बेहतर खिलाड़ी तैयार करना है।

खिलाड़ियों और कोच की बायोमेट्रिक हाजिरी नर्सरियों की संख्या बढ़कर 2000 होगी डाइट मनी और मानदेय में वृद्धि

हरियाणा में संचालित खेल नर्सरियों में अब किसी तरह की गड़बड़ नहीं हो सकेगी। नर्सरियों में ट्रेनिंग लेने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोच की बायोमेट्रिक हाजिरी लगेगी। खेल विभाग ने इसके लिए विभिन्न कंपनियों ने बातचीत शुरू कर दी है। साथ ही कोच के मानदेय व खिलाड़ियों की डाइट मनी में बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के इस प्रस्ताव को जल्दी ही मंजूरी मिलने की संभावना है।

अभी तक प्रदेश में 1500 खेल नर्सरियां स्थापित की जाती थी। इनमें से 500 नर्सरी सरकारी और 1000 प्राइवेट संस्थानों में थी। इस साल सरकार ने नर्सरियों की संख्या बढ़ाकर 2000 करने का निर्णय लिया है। नर्सरियों के लिए मांगे गए आवेदन की प्रक्रिया भी खत्म हो चुकी है। सरकारी सेक्टर के लिए अधिकांश नर्सरियों की अलॉटमेंट हो चुकी है। लेकिन प्राइवेट सेक्टर की नर्सरियों को लेकर अभी लेटलतीफी हो रही है। ऐसे में विभाग ने प्राइवेट लोगों को एक और मौका देने का निर्णय लिया है। नर्सरियों में हर साल 37 हजार से अधिक खिलाड़ियों को अलग-अलग खेलों की ट्रेनिंग दी जाती है। खेल मंत्री गौरव गौतम के पास कई जगहों से खेल नर्सरियों में गड़बड़ होने की शिकायतें आ रही थीं। अधिकतर शिकायतें इस बात को लेकर थी कि नर्सरियों में खिलाड़ियों की जितनी संख्या दर्ज की गई है, उतने खिलाड़ी नहीं हैं। या फिर नर्सरियों में खिलाड़ी कम आते हैं। कई नर्सरियों में कोच के भी समय पर नहीं आने की शिकायतें मिल रही थीं।

इन शिकायतों पर कड़ा नोटिस लेते हुए खेल विभाग ने नर्सरियों में खिलाड़ियों व कोच की बायोमेट्रिक हाजिरी सुनिश्चित करने का फैसला लिया है। जल्द ही सभी नर्सरियों में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। बायोमेट्रिक हाजिरी के बाद धांधली की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी। इतना ही नहीं, अब विभाग ने सभी खेल नर्सरियों की परफोरमेंस रिपोर्ट भी तैयार करने का निर्णय लिया है। अच्छी रिपोर्ट वाली नर्सरियों को अगले साल परमिशन मिलने में आसानी रहेगी।

खेल नर्सरियों में कार्यरत कोच के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव संबंधी फाइल मंजूरी के अंतिम चरण में है। जूनियर कोच का मानेदय 20 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये मासिक किया जाएगा। सीनियर कोच को 25 हजार की बजाय 30 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। नर्सरियों में ट्रेनिंग लेने वाले खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी इजाफा किया गया है। बढ़ी हुई दरें पहली अप्रैल से लागू की गई हैं।

आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अब 1500 की बजाय 2000 रुपये मासिक डाइट मनी मिलेगी। वहीं 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों की डाइट मनी तीन हजार रुपये मासिक की है.। पहले यह 2000 रुपये मासिक थी। आवासी अकादमियों के खिलाड़ियों को 200 की बजाय 500 रुपये रोजाना डाइट मनी देने का निर्णय सरकार ने लिया है।

अच्छे खिलाड़ी तैयार होंगे: खेल मंत्री

हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं दे रही है। खेल नर्सरियों की संख्या इसी साल 1500 से बढ़ाकर 2000 की जाएगी। इसे चरणबद्ध तरीके से अगले वर्षों में बढ़ाकर चार हजार किया जाएगा। जूनियर व सीनियर कोच के मानेदय के साथ-साथ खिलाड़ियों की डाइट मनी में बढ़ोतरी की गई है। अलग-अलग खेलों की इन नर्सरियों का मकसद ओलिंपिक, कामन वेल्थ व एशियन सहित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए अच्छे खिलाड़ी तैयार करना है।

-गौरव गौतम, खेल राज्य मंत्री, हरियाणा सरकार

Scroll to Top