हर बेटी में है देश की ताक़त, बस ज़रूरत है हौसले की” — डॉ. शाहीन

मऊ की बेटी डॉ. शाहीन बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

“मऊ (उत्तरप्रदेश)ईशान टाइम्स। मऊ की बेटी डॉ. शाहीन ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा मुकाम हासिल किया है जिस पर पूरा मऊ गर्व कर रहा है। उन्होंने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट की रैंक प्राप्त कर न सिर्फ़ अपने परिवार, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। शाहीन की ये सफलता आज की हर बेटी के लिए प्रेरणा बन गई है कि सपने कितने भी बड़े क्यों न हों, उन्हें सच्चे इरादों और हौसले से पूरा किया जा सकता है।

मऊ शहर के मोहल्ला चांदपुरा निवासी साड़ी व्यवसायी इश्तेयाक अहमद (PCO) की बेटी डॉ. शाहीन ने अपनी शिक्षा की शुरुआत अलफलाह स्कूल, मऊ से की। तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन किया, फिर दिल्ली विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

शिक्षा और अनुशासन के इस सुंदर संगम के बाद शाहीन ने ग्वालियर स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) से प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट की रैंक हासिल की।

डॉ. शाहीन की यह उपलब्धि न सिर्फ़ मऊ के लिए गर्व की बात है, बल्कि उन तमाम बेटियों के लिए भी एक संदेश है जो अपने सपनों को साकार करने की चाह रखती हैं — कि अगर हौसला बुलंद हो तो मंज़िलें खुद रास्ता दिखा देती हैं।

आपको बता दें कि डॉ. शाहीन के पिता हैदराबाद में साड़ी के व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि परिवार का स्थायी निवास छोटी कम्हरिया, मऊ में है। तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी शाहीन आज मऊ की पहचान बन चुकी हैं।

maunews #बुनकर #up54

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top