ishantimes

Upcoming Games

Follow Us On

शिलफाटा में सरेराह खूनी खेल, पुलिस शिकायत से भड़के गुंडों ने भाइयों को चाकू से गोदा

!

मुंबई (इंद्र यादव) ठाणे । शिलफाटा ,कानून का खौफ खत्म हो चुका है और आपसी रंजिश अब सड़कों पर खून बहाने लगी है। ठाणे के शिलफाटा इलाके में पुलिस में शिकायत करने से नाराज चार दबंगों ने दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना 8 मार्च की रात करीब 10 बजे की है। खान कंपाउंड के रहने वाले मोहम्मद हारून उस्मान शेख (21) जब अपने घर लौट रहे थे, तभी कसवा प्लाजा के पास आरोपी अख्तर और उसके साथियों ने उन्हें जाल बिछाकर रोका। बातचीत के बहाने हारून को माहिनूर बिल्डिंग के पास बुलाया गया।
वहां पहुँचते ही आरोपियों ने हारून को घेर लिया और चिल्लाते हुए पूछा— “तूने हमारे खिलाफ पुलिस में शिकायत क्यों की!

देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। आरोपियों ने हारून को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया!
अख्तर ने हारून को थप्पड़ जड़े और फिर चाकू की मूठ से उसके सिर पर दो बार जोरदार प्रहार किया, जिससे हारून लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
सलमान, समीर और मूसा ने जमीन पर गिरे हारून को लात-घूंसों से जमकर पीटा।

अपने भाई को पिटता देख जब मोहम्मद अदनान बीच-बचाव करने पहुँचा और पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो हमलावर और भी हिंसक हो गए। आरोपियों ने अदनान पर भी चाकू से वार किया और उसे अधमरा कर मौके से फरार हो गए।

“दोनों घायलों को पहले क्वीन्स हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।”

डायघर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है:
धारा 118(1): खतरनाक हथियारों से हमला।
धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुँचाना।
धारा 352: शांति भंग करने के इरादे से अपमान।
धारा 3(5): सामान्य इरादा (मिलीभगत)।
फिलहाल उपनिरीक्षक नागेश सोमणाथ शिरस्कार मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। इलाके में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Scroll to Top