मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 36 बिरादरी के मुख्यमंत्री हैं : बिप्लब कुमार देब

भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर पंचकूला में राज्य स्तरीय सम्मेलन
पंचकुला ( संजय राय )।
पंचकूला, 27 अप्रैल। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरा राजनीतिक तर्जुबा कहता है कि अभी सीएम सैनी की पारी शुरू हुई है, यह कहां तक जाएगी जन-जन को मालूम है। श्री देब ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 36 बिरादरी के मुख्यमंत्री है और यह उन्होंने अपनी कार्यशैली से सिद्ध कर दिया है। बिप्लब कुमार देब रविवार को पंचकूला में भगवान परशुराम जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस सम्मेलन में यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा सहित अनेक नेताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कार्यक्रम के आयोजक सांसद कार्तिकेय शर्मा का भी आभार जताया।
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भगवान परशुराम ने शास्त्र और शस्त्र की जो शिक्षा दी उस पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देश को विकास की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। हमारा दुर्भाग्य है कि भारत का पहला प्रधानमंत्री ब्राह्मण था और उन्होंने भारत की जमीन को चीन के नाम कर दिया। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी भगवान परशुराम की शिक्षाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।


हरियाणा के पूर्व प्रभारी एवं सांसद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि आप लोग भाग्यवान हैं कि आप जन्म से ब्राह्मण हैं, विद्वान हैं, किंतु हम आपके कर्म के साथ काम करने की हिम्मत रखने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि मैने दो-ढाई साल में हरियाणा को अच्छी तरह से देखा है। यहां के लोगों के दिल में जो होता है वही सामने होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सैनी नया हरियाणा बनाने के संकल्प को पूरा करेंगे।
बिप्लब कुमार देब ने आगे बोलते हुए कहा कि भारत पहले किसी देश पर आक्रमण नहीं करता, लेकिन बाद में वह उसे छोड़ता भी नहीं है। दुश्मन की मुंडी काटने की हिम्मत जनता रखती है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि हम एक सिर के बदले पांच सिर काटकर लाने की हिम्मत भारत रखता है। बिप्लब कुमार देब ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने धारा – 370 को खत्म किया। भगवान परशुराम ने जो मार्ग दिखाया उस पर चलते हुए अमित शाह जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। श्री देब ने कहा कि आज भगवान परशुराम के दिखाए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि हमारा जन्म किसी भी समाज में हो, लेकिन हमारी सोच देश हित में होनी चाहिए। पहलगाम में आतंकियों ने आम लोगों की निर्मम हत्या की है उन आततायियों को पीएम मोदी सबक कैसे सिखाते हैं पाकिस्तान याद रखेगा। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ आबादी है, अलग-अलग रहन-सहन और भाषा है, लेकिन हमारी सोच एक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि आप लोगों के अंदर जो ब्रह्मत्व की शक्ति है उसे जलाएं और खुद जलकर अंधेरा दूर करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top