पंचकूला में यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के मामले में आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार, भेजा जेल


पंचकूला/ 9 दिसंबर(ईशान राय) :- पंचकूला पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के यौन शोषण और उसे ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए, घटना के एक आरोपी को तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला चंडीमंदिर थाने में 5 दिसंबर को एक पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराया गया था। अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि वे परिवार के साथ पंचकूला में रहते है और उसके पति के दोस्त के बेटे ने उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए, जून से सितंबर माह के बीच उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर विश्वासघात कर गलत काम किया। घटना के समय पीड़िता की आयु 17 वर्ष थी, हालांकि शिकायत दर्ज होने तक वह 18 वर्ष की हो चुकी थी।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने पीड़िता के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी जिसके डर से किशोरी इतने समय तक चुप रही। यह स्थिति तब सामने आई जब किशोरी को शारीरिक पीड़ा हुई और उसने अपनी मां को इस बारे में बताया। यह भी सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी दोनों के परिवार मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर तुरंत पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के साथ-साथ धारा 351(3) और 77 के तहत मामला दर्ज किया गया। जिसमें मामले की जांच कर रही महिला एएसआई निर्दोष ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के मात्र तीन दिन के अंदर यानी 8 दिसंबर को आरोपी को पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है।

डीसीपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीड़िता की काउंसलिंग करवाई जा रही है। साथ ही अपील भी की है कि धमकी व दबाव मे आए बिना ऐसे गंभीर मामलो की पुलिस या परिवार को तुरंत सूचना दे ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top