छठ पूजा संस्कृति व प्राकृतिक संरक्षण को बढ़ावा देने वाली: डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, 27 अक्टूबर(ईशान टाइम्स)। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प में हरियाणा की नॉन स्टाप रफ्तार में पूर्वांचल वासियों की मेहनत का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा संस्कृति एवं प्राकृतिक संरक्षण को बढ़ावा देने वाला पर्व है। भगवान भास्कर पूर्वांचल वासियों को सुख, समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य के साथ उनकी मनोकामनाओं को पूरा करेंगे, क्योंकि सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना व कठिन तपस्या सकारात्मक फल देती हैं।

सोमवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा भालौठ सब ब्रांच दिल्ली बाईपास नहर पर पूर्वांचल एकता सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ पूजा महोत्सव में शिरकत कर रहे थे। समिति पदाधिकारियों द्वारा फूल-मालाओं के साथ स्वागत करने उपरांत सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि आस्था व संस्कार के प्रतीक छठ महोत्सव को श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाना बेहद सुखद है। सूर्य उपासना के महापर्व पर व्रती महिलाएं सच्चे मन से पूजा करते हुए छठ मैया का गुणगान करती हैं। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर सामाजिक सद्भाव एवं प्रकृति प्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला, जिससे पारिवारिक एवं सामाजिक मेल-जोल को निश्चित तौर पर मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में सांस्कृतिक सद्भाव के प्रतीक पर्वों को निरन्तर बढ़ावा दे रहे हैं।

हरियाणा में भाजपा सरकार ने बीते 11 साल के दौरान छठ पूजा के लिए पूर्वांचल वासियों की सुविधाओं में बड़ा बदलाव किया है। शहरों में कई-कई स्थानों पर पक्के व अस्थाई छठ घाट स्थापित करते हुए उनमें शुद्ध जल, सुरक्षा व्यवस्था के बेहतर प्रबन्ध किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश में लाखों पूर्वांचल वासियों को अपने घर जैसा अनुकूल माहौल मिल रहा है और वो अपने त्योहार को बड़ी श्रद्धा व भावना के साथ मना रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में राज्य स्तरीय छठ पूजा महोत्सव पंचकूला में मनाया जाना व नहर, नदियों किनारे छठ के भव्य आयोजन छठ पर्व में चार-चांद लगा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने डूबते सूर्य को व्रती महिलाओं द्वारा पहला अर्घ्य दिए जाने पर शुभकामनाएं भी दी और कहा कि यह पर्व काल, सीमाओं और भूगोल से आज पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति के विस्तार का प्रतीक बन गया है। विदेशों में रह रहे भारतवंशी परिवार भी पूरे उत्साह से इस परंपरा में शामिल होते हैं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, सतीश नांदल, रेणु डाबला, पूर्वांचल एकता सेवा समिति प्रधान संजीव सिंह, महासचिव दिनेश सिंह, कोषाध्यक्ष पप्पू सिंह, संरक्षक डॉ संजय, ओएन मौर्य, राज सिंह पटेल, सुबोध कुमार, रामाधार सिंह, अजय सिन्हा, आचार्य बीके शास्त्री आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top