छठ पूजा पर ‘पक्का’ तोहफा : अनिल विज ने 24 घंटे में ₹50 लाख जारी कर निभाया पक्का घाट बनाने का वादा

ऊर्जा मंत्री ने अंबाला सदर की नगर परिषद को जारी की राशि, इंदिरा पार्क के पास धोबीघाट के साथ बनेगा पक्का घाट, श्रद्धालुओं को मिलेगा फायदा

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर-(ईशान टाइम्स)। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने छठ पूजा पर बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने अपनी घोषणा के चौबीस घंटे के भीतर ही छठ पूजा हेतु पक्का तालाब/घाट बनाने के लिए 50 लाख रुपए नगर परिषद अम्बाला सदर को अपने स्वैच्छिक कोष से जारी कर दिए हैं। पक्का घाट इंदिरा पार्क के पास धोबीघाट के साथ बनेगा। 

गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने सोमवार शाम बब्याल के निकट टांगरी बांध पर छठ पूजा कार्यक्रम में लोगों की मांग पर पक्का घाट बनाने की घोषणा की थी जिसे उन्होंने चौबीस घंटे में ही पूरा कर दिया है। 

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद को निर्देश दिए हैं कि घाट को आधुनिक और बेहतर तरीके से बनाया जाए जिसे समाज के लोग छठ पूजा के लिए इस्तेमाल कर सकें। यह घाट बड़ा बनेगा जोकि लगभग 75 मीटर लंबा और 20 मीटर चौड़ा होगा। इसकी गहराई लगभग पांच फुट होगी और घाट में उतरने के लिए सीमेंट की सीढ़ियां बनाई जाएंगी। घाट के चारों ओर सुरक्षा हेतु स्टील की ग्रिल भी लगाई जाएगी। घाट की सुरक्षा के लिए चारों तरफ चार दिवारी के साथ-साथ आने व जाने के लिए दो अलग-अलग गेट लगाए जाएंगे। इसके अलावा, यहां पर अन्य व्यवस्थाएं भी होगी। 

घाट के बनने से छठ पूजा उत्सव के लिए लोगों को परेशानी नहीं होगी और उन्हें कच्चे तालाब नहीं बनाने पड़ेंगे। पक्के घाट में त्यौहारी छठ उत्सव के दौरान पूजा-अर्चना कर सकेंगे तथा सूर्य को अर्घ्य देंगे।

गौरतलब है कि अम्बाला छावनी में ऊर्जा मंत्री अनिल विज की वजह से पक्का घाट बन रहा है। इससे पहले लोग मिट्‌टी में गड्‌ढे कर अस्थाई तौर पर पानी इकट्‌ठा कर छठ त्यौहार मनाते थे। मगर अब उन्हें पक्का घाट मिलेगा जिससे उन्हें सुविधा होगी। 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top