छठ पूजा पर चंडीगढ़ में अवकाश घोषित किया जाये : देवशाली

चंडीगढ़, दिनांक 27 अक्टूबर 2025 :  चंडीगढ़ नगर निगम के पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने छठ पूजा के पावन अवसर पर चंडीगढ़ में सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस वर्ष छठ पर्व 27 अक्टूबर की सायं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ आरंभ होकर 28 अक्टूबर की प्रातः उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ संपन्न होगा।

देवशाली ने कहा कि छठ पूजा भगवान सूर्य की उपासना का प्रमुख पर्व है, जिसे बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित देश के अनेक प्रदेशों के लोग अत्यंत श्रद्धा और आस्था के साथ मनाते हैं। चंडीगढ़, जो एक ‘मिनी भारत’ के रूप में जाना जाता है, में भी यह पर्व भव्य रूप से मनाया जाता है। यहां निवास करने वाले बिहार, झारखंड एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से नदी-तटों और जलाशयों पर पूजा-अर्चना की जाती है जिसमें बड़ी संख्या में लोग सम्मिलित होते हैं।

          देवशाली ने प्रशासक से आग्रह किया कि चंडीगढ़ प्रशासन 28 अक्टूबर 2025 (छठ पूजा) को सार्वजनिक अवकाश घोषित करे ताकि श्रद्धालु अपने पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के अनुसार इस महत्वपूर्ण पर्व को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मना सकें और सभी समुदायों के लोग इसमें सहभागी बन सकें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top