गुरबत के सितारे” स्लम एरिया के बच्चों ने गाजियाबाद में जीते गोल्ड मेडल

“
पंचकूला,(कमल कलसी ब्यूरो ईशान टाइम्स)
एएमएटी ताइक्वांडो सोसाइटी पंचकूला के बच्चों ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आयोजित 5वीं ओपन नेशनल ताइक्वांडो कप में शानदार प्रदर्शन किया। पंचकूला के स्लम एरिया खड़क मंगोली के रहने वाले इन बच्चों ने कुल 8 मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन बच्चों में गोविंद, विपिन, अंशु और अर्पिता ने गोल्ड मेडल जीते, जबकि कोमल नाम की बच्ची ने भी एक गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, रानी और संजना ने कांस्य पदक हासिल किए।
सोसाइटी की हेड कोच अमिता मारवाह ने इसे बच्चों के समर्पण की जीत बताया। उन्होंने कहा, “आर्थिक हालातों की तंगी कई बार प्रतिभा को खत्म कर देती है, लेकिन सही मार्गदर्शन और मदद से न केवल इन बच्चों, बल्कि उनके परिवारों की भी किस्मत बदल जाती है।”
सोसाइटी की असिस्टेंट कोच हिमांशि मारवाह ने बच्चों के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि सफलता जज्बे से हासिल होती है, न कि संसाधनों से।
यह प्रतियोगिता सब-जूनियर कैटेगरी (14 वर्ष से कम) और कैडेट कैटेगरी में हुई थी, जिसमें एएमएटी ताइक्वांडो सोसाइटी के कुल 7 बच्चों ने भाग लिया था।
गौरतलब है कि एएमएटी ताइक्वांडो सोसाइटी पिछले कई सालों से स्लम एरिया के बच्चों को मुफ्त प्रशिक्षण और किट उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही, यह सोसाइटी इन बच्चों के प्रतियोगिता में भाग लेने से जुड़े अन्य खर्चों का भी वहन करती है। वर्ष 2011 से अब तक, सोसाइटी द्वारा प्रशिक्षित 1000 से अधिक बच्चों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top