एडीसी ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जारी किए दिशा-निर्देश

हरियाणा दिवस के अवसर पर कल आयोजित होगा सांस्कृतिक उत्सव :- नरेंद्र कुमार

मदवि के राधाकृष्णन सभागार में प्रात: साढे 9 बजे आयोजित होगा कार्यक्रम

रोहतक, 31 अक्तूबर(ईशान टाइम्स) : हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में एक नवंबर को हरियाणा सरकार द्वारा सांस्कृतिक उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
नरेंद्र कुमार ने बताया कि हरियाणवी लोक कलाओं और परंपराओं से ओतप्रोत जिला स्तरीय समारोह का आयोजन होगा। इसमें जिलेभर से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी रहेगी। राधाकृष्णन सभागार में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा हरियाणा दिवस पर सांस्कृतिक उत्सव मनाने का उद्देश्य हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और लोक कलाओं को बढ़ावा देना है। जिला स्तरीय समारोह में विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों और विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इस दौरान सांपला के एसडीएम उत्सव आनंद, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, नगराधीश अंकित कुमार, मंडलायुक्त के ओएसडी शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top