
चंडीगढ़(ईशान टाइम्स )।इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन (IHRO) ने समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और मानवाधिकार जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता एवं इवेंट ऑर्गेनाइज़र श्रीमती सुमन आहूजा को महिला राज्य महासचिव, पंजाब के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है।
IHRO के राष्ट्रीय सलाहकार एवं प्रभारी राज अंजुम ने बताया कि संगठन द्वारा लंबे समय से सुमन आहूजा की सामाजिक गतिविधियों, महिला कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों, जनसेवा और मानवाधिकार संबंधी कार्यों का अवलोकन किया जा रहा था। उनकी सक्रिय कार्यशैली एवं समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए उनकी रिपोर्ट IHRO के विश्व अध्यक्ष डॉ. नेम सिंह प्रेमी को प्रस्तुत की गई।
इसके पश्चात विश्व अध्यक्ष डॉ. नेम सिंह प्रेमी, IHRO बोर्ड एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के विचार-विमर्श के बाद राष्ट्रीय सलाहकार राज अंजुम की अनुशंसा पर सुमन आहूजा को पंजाब महिला राज्य महासचिव के पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
नियुक्ति के उपरांत सुमन आहूजा ने विश्व अध्यक्ष डॉ. नेम सिंह प्रेमी एवं राष्ट्रीय सलाहकार राज अंजुम का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में वह संगठन की नीतियों के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
संगठन द्वारा उन्हें पंजाब में मानवाधिकार जागरूकता अभियान को मजबूत करने, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, मानसिक उत्पीड़न, सामाजिक शोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर कार्य करने तथा जरूरतमंद लोगों की आवाज़ बनने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुमन आहूजा की नियुक्ति के बाद चंडीगढ़ सहित पूरे पंजाब में उनके समर्थकों, सामाजिक संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल है। अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य व्यक्तियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां दी हैं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।


