भदोही में छठ महापर्व का समापन — उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

हरिहरनाथ मंदिर और ज्ञानसरोवर पर सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी

भदोही, 28 अक्टूबर 2025(राजेश जायसवाल ,ईशान टाइम्स)।
लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। भोर से ही जिलेभर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं और पुरुष व्रती स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते नजर आए।

पूरे घाटों पर “कांच ही बांस के बहंगिया…”, “उठु हे सूर्य देव…” जैसे पारंपरिक गीतों की गूंज रही, जिससे वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।

भदोही ज्ञानपुर क्षेत्र में स्थित हरिहरनाथ मंदिर और ज्ञानसरोवर घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।

प्रशासन की ओर से घाटों पर सफाई, प्रकाश और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे जिले में छठ का पर्व शांति और उल्लास के माहौल में सम्पन्न हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top