पंचकूला/19 मार्च (ईशान टाइम्स):- पंचकूला पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए एक अहम सफलता हासिल की है। पुलिस की मुस्तैदी के चलते स्कूटी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचकूला निवासी एक शिकायतकर्ता ने 6 मार्च को सूचना दी थी कि उसके पिताजी अपनी एक्टिवा स्कूटी को सैक्टर-15 पंचकूला में एक दुकान के बाहर खड़ी करके गए थे। कुछ समय बाद वापस लौटने पर स्कूटी मौके से गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना सैक्टर-14 पंचकूला में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
क्राइम ब्रांच सैक्टर-19 इन्चार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में टीम ने तकनीकी साधनों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 14 मार्च को आरोपी गोविन्दा और संजय को काबू किया, जो सैक्टर-16 पंचकूला के निवासी हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन: दोनों आरोपियों को 15 मार्च को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान 17 मार्च को उनकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी बरामद करवाई गई। इसके अलावा वारदात में प्रयोग की गई बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। 18 मार्च को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हमारी पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं और अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़कर कानून के शिकंजे में लाया जा रहा है।





