विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने संतों, महात्माओं और महापुरुषों के विचार युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का किया आह्वान

· सदन में ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ प्रस्ताव पर बड़ी संख्या में विधायकों ने रखे विचार

· विस अध्यक्ष ने सत्र को सफल बनाने के लिए सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया का आभार जताया

चंडीगढ़, 1 सितंबर(संजय राय ,ईशान टाइम्स)

हरियाणा विधान सभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को सदन में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर व्यापक और सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से सदन में प्रस्तुत ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ संबंधी प्रस्ताव पर बड़ी संख्या में विधायकों ने अपने विचार रखे और संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं तथा सामाजिक समरसता के संदेश पर चर्चा की।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि भारत की महान संत परंपरा और संतों, महात्माओं तथा महापुरुषों के विचार समाज को सही दिशा प्रदान करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के जीवन, विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

विस अध्यक्ष ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे संतों, महात्माओं और महापुरुषों के प्रेरणादायी विचारों को समाज तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश की महान आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंगलवार देर शाम मानसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। सत्र के समापन से पूर्व विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सदन की कार्यवाही के सफल एवं सुचारू संचालन में सहयोग देने के लिए सभी माननीय सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

विस अध्यक्ष ने विधान सभा सचिवालय व सरकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी कर्मियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का भी धन्यवाद किया और मानसून सत्र के दौरान उनके सहयोग एवं योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रदेश वासियों को आगामी सभी पर्वों की भी बधाई दी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top