भरत मिलाप मेला को लेकर चौरी में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

एएसपी शुभम अग्रवाल व सीओ प्रभात राय ने पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त, सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी

भदोही(राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।आगामी भरत मिलाप मेला के सकुशल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत मंगलवार को थाना चौरी क्षेत्र के चौकी चौरी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक भदोही शुभम अग्रवाल ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी औराई प्रभात राय तथा थाना प्रभारी चौरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु, सम्भ्रांत नागरिक, ग्राम प्रधान व डिजिटल वालंटियर्स ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों से संवाद कर उनके सुझाव सुने और भरत मिलाप मेला को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा और न ही सड़कों को बाधित कर कोई आयोजन किया जाएगा। सभी आयोजनों में शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि असामाजिक या अराजक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की कोशिश की गई तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिले तो तुरंत थाना पुलिस या डायल-112 पर सूचित करें।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है। किसी व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के उपरांत एएसपी से शुभम अग्रवाल एवं सीओ प्रभात राय ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त व भ्रमण किया और नागरिकों से संवाद कर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top