गोड़ जाति प्रमाण पत्रों के सत्यापन को लेकर गठित होगी विशेष समिति

भदोही, 28 अक्टूबर (राजेश जायसवाल,ईशान टाइम्स)।
जनपद भदोही में गोड़ जाति प्रमाण पत्रों के सत्यापन को लेकर आज जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार गोड़ ने प्रदेश सरकार द्वारा जारी शासनादेश प्रस्तुत करते हुए गोड़ जाति प्रमाण पत्रों की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग रखी।

जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद अधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों के सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक तहसील में गोड़ जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति का गठन किया जाए। इस समिति में राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ गोड़ समाज के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा ताकि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बन सके।

डीएम ने यह भी कहा कि गोड़ समाज से संबंधित किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और उसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाए।

बैठक में प्रमाण पत्र निर्गमन की प्रक्रिया को सरल व व्यवस्थित करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, तथा गोड़ समाज के पदाधिकारीगण — जिनमें मुकेश कुमार गोड़, महेन्द्र कुमार गोड़ सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top