ishantimes

Upcoming Games

Follow Us On

करोडों रुपये के फंड घोटालों के बाद नगर निगम पंचकूला में अब अरबों रुपये की जमीन के घोटाले की चर्चा - ओ पी सिहाग


पंचकूला, 7 जून(ईशान राय): जननायक जनता पार्टी पंचकूला के जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि लगता है पंचकूला नगर निगम में लगातार हो रहे घोटालों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ठीक नाक के नीचे नगर निगम पंचकूला में करोडों रुपये के फंड घोटालों के बाद अब नगर निगम की अरबों रुपये की जमीन के घोटाले की चर्चा पूरे प्रदेश में है। ओ पी सिहाग ने कहा की पूर्व में पंचकूला में उपायुक्त रहे सुशील सारवान ने नगर निगम पंचकूला की अरबों रुपये की 72 बीघे जमीन एक प्राइवेट होटल के मालिक को अपने निजि फायदे के लिए उनके नाम कर दी है ,य़ह मामला आज मुख्य अखबारों की सुर्खियों में छाया हुआ है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त जिले की सरकारी जमीन का कस्टोडियन होता है परंतु सुशील सारवान ने तो नियमों के विरुद्ध जाकर नगर निगम पंचकूला की लगभग 250 करोड़ रुपये बाजारी भाव की जमीन रिकार्ड में प्राइवेट व्यक्ति के नाम करने बारे कलेक्टर सह डी सी के रूप में फैसला कर दिया।
ओ पी सिहाग ने कहा कि पहले नगर निगम के अधिकारियों , बैंक अधिकारियों तथा कुछ प्राइवेट लोगों ने साजिश करके नगर निगम के करोडों रुपये का गबन किया और अब पंचकूला के पूर्व उपायुक्त ने नियमो के खिलाफ जाकर जमीन का बड़ा घोटाला कर दिया।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में लगातार बड़े बड़े घोटाले हो रहे हैं ,अधिकारियों पर सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है तथा अधिकारी बेलगाम है एवं बेखौफ हैं या अधिकारी किन्ही रसूखदारो की शह पर ये घोटाले कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की सुशील सारवान को तुरंत महत्वपूर्ण पद से हटा देना चाहिए तथा इस अति गम्भीर मामले की जांच तुरंत करवा कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा जो जमीन पूर्व उपायुक्त ने प्राइवेट व्यक्ति के नाम की थी उसको दोबारा से नगर निगम पंचकूला को सौंपा जाए।

Scroll to Top