अतिक्रमण, अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर होगी सख्त कार्रवाई:शैलेष कुमार

विनियमित क्षेत्र ज्ञानपुर-गोपीगंज की बोर्ड बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने दिए निर्देश — अतिक्रमण, अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर होगी सख्त कार्रवाई

भदोही, 28 अक्टूबर (राजेश जायसवाल ,ईशान टाइम्स)
विनियमित क्षेत्र ज्ञानपुर–गोपीगंज की बोर्ड बैठक सोमवार को जिलाधिकारी एवं नियंत्रक प्राधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास, अवसंरचना सुधार और नियामक व्यवस्था को सुदृढ़ करने से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विनियमित क्षेत्र के अंतर्गत 57 ग्राम एवं दो नगर निकाय शामिल हैं, जिनमें योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण अथवा अनधिकृत निर्माण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग तत्काल ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई करें और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

बैठक में उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधियां तथा आदर्श जोनिंग रेगुलेशन 2025 को प्रभावी रूप से लागू करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही बोर्ड द्वारा क्षेत्रीय विकास कार्यों की गति बढ़ाने के लिए विकास शुल्क में 10 प्रतिशत वृद्धि की संस्तुति की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस अतिरिक्त धनराशि का उपयोग क्षेत्र में सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, हरित पट्टियों एवं अन्य जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

डीएम शैलेष कुमार ने असनांव रोड सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में स्थित जर्जर एवं खतरनाक भवनों का सर्वेक्षण शीघ्र कराया जाए, ताकि संभावित जनहानि से बचाव हो सके। ऐसे भवनों को चिन्हित कर निस्तारण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं सदस्यों ने विकास संबंधी सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों के आपसी समन्वय से एक व्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक विनियमित क्षेत्र विकसित करने का लक्ष्य रखा जाए।

बैठक में चेयरमैन गोपीगंज जितेंद्र गुप्ता, चेयरमैन ज्ञानपुर घनश्याम दास गुप्ता, अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, सहयुक्त नियोजक वाराणसी टाउन आर.के. उड्डयन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top