वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाली और बोले-किसी ने ठेका लेने के लिए फॉर्म भरा तो इतनी गोलियां मारेंगे कि समझ नहीं आएगा

रोहतक
रोहतक में रविवार देर रात गांव भालौठ के शराब पर कुछ बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसकी एक वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाली और कहा कि यहां किसी ने ठेका लेने के लिए फॉर्म भरा तो इतनी गोलियां मारेंगे कि समझ नहीं आएगा।
वारदात के समय ठेका बंद था। गोलियां लगने से शटर में कई छेद हो गए हैं। बता दें कि इससे पहले महम के बस स्टैंड के ठेके पर भी फायरिंग कर पर्चा चिपकाया गया था।
जानकारी के अनुसार, गांव भालौठ में शराब का ठेका रोहित निवासी गांव रुड़की के नाम से है। फायरिंग का वीडियो डालते हुए बदमाशों ने ये भी कहा कि भालौठ वाली बेल्ट में ठेका लेने वाले को जान से मार देंगे। नशे में धुत्त बदमाश काफी देर तक ठेके के बाहर ही खड़े रहे।
इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो में आरोपी ने अपना नाम रवि रोतेलिया, दहकोरा जाट बताया, जबकि तीसरे युवक ने नाम नहीं बताया। तीनों ने बंद ठेके पर 13 राउंड फायर किए। गोलियां लगने से ठेके के शटर में भी छेद हो गए। इसके बाद वे धमकी देकर मौके से फरार हो गए।





