ishantimes

हावड़ा में स्वामी सहजानंद सरस्वती की 76वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित

हावड़ा(ईशान टाइम्स )।पश्चिम बंगाल ब्रह्मर्षि परिषद के तत्वावधान में हावड़ा स्थित कृष्णा विद्यालय में किसान नेता एवं समाज सुधारक स्वामी सहजानंद सरस्वती की 76वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम के दौरान परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वामी सहजानंद सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने किसानों, श्रमिकों तथा समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। सामाजिक न्याय, समानता और संगठन के प्रति उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।

वक्ताओं ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। साथ ही शिक्षा, सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में परिषद के सदस्यों ने स्वामी सहजानंद सरस्वती के आदर्शों पर चलने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Scroll to Top