ishantimes

Upcoming Games

Follow Us On

कोटक महिंद्रा बैंक से पंचकूला नगर निगम के 160 करोड़ गायब: भ्रष्ट तंत्र का खुला प्रमाण — सुधा भारद्वाज

पंचकूला(संजय राय,ईशान टाइम्स)।
पंचकूला नगर निगम के लगभग 160 करोड़ रुपये कोटक महिंद्रा बैंक से गायब होने का मामला अब एक बड़े घोटाले के रूप में सामने आया है। इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने इसे भ्रष्ट सरकारी तंत्र और बैंकिंग व्यवस्था की मिलीभगत का स्पष्ट प्रमाण बताया है।
सुधा भारद्वाज ने कहा कि यह घटना केवल एक वित्तीय अनियमितता नहीं, बल्कि आम जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना प्रशासनिक लापरवाही और अंदरूनी मिलीभगत के इतनी बड़ी रकम का गायब होना संभव नहीं है। यह पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा वर्षों तक फिक्स्ड डिपॉजिट के नाम पर जमा की गई राशि को फर्जी खातों में ट्रांसफर किया जाना बेहद चिंताजनक है। इससे यह स्पष्ट होता है कि बैंक अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों के साथ-साथ कुछ जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
सुधा भारद्वाज ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिल सके। उन्होंने कहा कि केवल एफआईआर दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस घोटाले में शामिल सभी लोगों की संपत्ति की भी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पारदर्शी कार्रवाई की जाए और जनता के पैसे की भरपाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बैंकिंग और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है।

Scroll to Top