ishantimes

Upcoming Games

Follow Us On

ब्रेकिंग संक्षिप्त खबरें दिल्ली और आसपास

✒️ *69वीं स्कूल नेशनल गेम्स में अलीगढ़ के दो शिक्षक राष्ट्रीय निर्णायक की भूमिका में हुए चयनित*
69वीं स्कूल नेशनल गेम्स के अंतर्गत वॉलीबॉल नेशनल (अंडर–17 बालक/बालिका वर्ग) का आयोजन 11 से 15 नवंबर तक बरेली में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अलीगढ़ जनपद के दो व्यायाम शिक्षक निर्णायक (नेशनल रेफरी) की भूमिका निभाएंगे, यह जिले के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता में चयनित निर्णायक डॉ. चंद्र भानु मिश्रा, व्यायाम शिक्षक ठाकुर मलखान सिंह इंटर कॉलेज, हसोना जगमोहनपुर, अमित कुमार, व्यायाम शिक्षक राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज खैर दोनों शिक्षकों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि अलीगढ़ जिले के खेल क्षेत्र के विकास के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है। डॉ. मिश्रा और अमित कुमार ने कहा कि यह अवसर उनके लिए सम्मान की बात है और इससे जिले के खिलाड़ियों में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

✒️ *18 नवंबर को इगलास में आयोजित होगी विधायक खेल स्पर्धा*
विधानसभा इगलास की विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन आगामी 18 नवंबर को किया जाएगा। यह कार्यक्रम लाला बृजकिशोर पब्लिक स्कूल, कजरौठ (इगलास) के खेल मैदान में प्रातः 09 बजे से शुरू होगा। यह आयोजन महानिदेशक, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में किया जा रहा है। स्पर्धा के सफल आयोजन के लिए उपजिलाधिकारी इगलास एवं संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

✒️ *एबीवीपी की इकाई का हुआ गठन*
इगलास। लाला मिश्रीलाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्यार्थी परिषद की इकाई का गठन करके कौशल चौधरी को इकाई अध्यक्ष तथा वर्षा चौधरी को मंत्री बनाया गया है। यह जानकारी संगठन के जिला सह संयोजक विपिन उपाध्याय ने देते हुए कहा है कि धर्मेन्द्र सिंह को उपाध्यक्ष, निर्मल शर्मा को सहमंत्री, अंतरा को मीडिया संयोजक, तमन्ना को सह संयोजक तथा तनु कुमारी को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है। नवगठित कमैटी विद्यालय में शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री विश्वेन्द्र के साथ ही हिमांक अरोरा भी मौजूद रहे।

✒️ *एएमयू के पूर्व छात्र अभिषेक कुमार सिंह सीआईएसएफ में हुए सब इंस्पेक्टर नियुक्त*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र और गूलर रोड निवासी अभिषेक कुमार सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सब इंस्पेक्टर पद पर नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अभिषेक की सफलता पर परिजनों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

✒️ *अलीगढ़ में न्यूनतम तापमान 19.7 और अधिकतम 27.5 डिग्री*
मंगलवार को अलीगढ़ में न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं दिन में तापमान बढ़कर 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दिन के दौरान तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जबकि रात में तापमान गिरकर 15.7 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हवा की गति 7.4 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई है। जिससे मौसम में ठंडक का असर बढ़ा है। एक्यूआई 351 दर्ज किया गया जोकि बहुत ही खराब है।

✒️ *डॉ. मोहम्मद साकिब यूपी स्टेट ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी की साइंटिफिक का सदस्य चुना गया*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के इंस्टीट्यूट ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी के फैकल्टी सदस्य डॉ. मोहम्मद साकिब को उत्तर प्रदेश स्टेट ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी (UP State Ophthalmological Society – UPOSOS) की साइंटिफिक कमेटी का सदस्य चुना गया है। यह चुनाव हाल ही में सोसाइटी द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन के दौरान गोरखपुर में संपन्न हुआ। डॉ. साकिब की इस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्ति को विश्वविद्यालय समुदाय और चिकित्सा जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। डॉ. साकिब ने कहा कि उन्हें यह दायित्व सौंपे जाने पर खुशी और गर्व है तथा वे नेत्र विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान और शिक्षण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

✒️ *दीवानी परिसर में सुरक्षा चूक के चलते यूपीएसएसएफ ने 6 सिपाही किए निलंबित*
अलीगढ़ दीवानी परिसर में बड़ी सुरक्षा चूक सामने आने के बाद यूपीएसएसएफ ने सख्त कार्रवाई की है। यूपीएसएसएफ 4वीं वाहिनी के सेनानायक डॉ. राम सुरेश यादव ने 6 सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। 30 अक्टूबर को दीवानी परिसर में नोएडा पुलिस सादे वर्दी और हथियार के साथ प्रवेश कर दोहरे हत्याकांड के आरोपी शूटर को उठाकर ले गई थी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात यूपीएसएसएफ सिपाहियों की लापरवाही सामने आई। घटना के बाद नोएडा पुलिस पहले ही अपने स्तर पर बड़ी कार्रवाई कर चुकी है, जबकि अब यूपीएसएसएफ सेनानायक ने दोषी पाए गए 6 सिपाहियों को निलंबित किया है।

✒️ *29 नवंबर तक किसानों को वितरित की जाएगी मुआवजा राशि*
अलीगढ़–पलवल राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप आयोजित कर किसानों को मुआवजा राशि उपलब्ध करा रहा है। एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने बताया कि तहसील कोल के 3 गाँवों एवं तहसील खैर के 28 गाँवों के भूमि स्वामियों को मुआवजा वितरित किया जाएगा। इस कार्य को 29 नवंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

✒️ *अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 55 मुठभेड़ों में 120 गिरफ्तार, दो बदमाश ढेर*
मुरादाबाद। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इस वर्ष एक जनवरी से अब तक 55 मुठभेड़ हो चुकी हैं, जिनमें 120 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। इनमें से 80 बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुए हैं। सोमवार देर रात हुई ताज़ा मुठभेड़ में मेरठ के दो कुख्यात बदमाश ढेर हो गए। इससे पहले साल की पहली मुठभेड़ में मूंढापांडे क्षेत्र में गोकशी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अपराध पर काबू पाना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है।

✒️ *घर से नाराज होकर निकली युवती को जीआरपी ने स्टेशन से पकड़कर स्वजन को किया सुपुर्द*
घर के काम को लेकर मां से हुए विवाद के बाद नाराज़ होकर एक युवती घर से निकल गई और अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। स्टेशन पर अकेले घूमते देख रेलवे पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ के लिए थाने ले आई। घटना मंगलवार की है। जानकारी के अनुसार, युवती ऑरेया की रहने वाली है। घर के कामकाज को लेकर मां ने उसे डांट दिया, जिस पर वह नाराज होकर घर से निकल पड़ी। स्टेशन पर संदिग्ध रूप से अकेली बैठी युवती को देखकर जीआरपी (Government Railway Police) ने पूछताछ की और उसे थाने ले आई। शाम तक युवती के स्वजन को सूचना दी गई। सत्यापन के बाद जीआरपी ने युवती को उनके सुपुर्द कर दिया।

✒️ *दिल्ली धमाके पर बोले अखिलेश यादव कहा आतंकवाद खत्म हो, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई*
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण धमाके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना देश की राजधानी में हुई है और अत्यंत निंदनीय है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने कहा है कि जो भी इसके पीछे है, उसके ऊपर कड़ी कार्रवाई होगी। यह घटना राजधानी में हुई, वो भी ऐसी जगह पर होना बहुत निंदनीय है। जिन्होंने यह घटना की है, उन पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। पूरा देश चाहता है कि आतंकवाद खत्म हो। उन्होंने आगे कहा कि जांच एजेंसियों पर भरोसा करना होगा और यह समझना होगा कि चूक कहां हुई। यह सोचना होगा कि आखिर फैलियर कहां है? इसके पीछे कौन था?।

✒️ *छात्र ने किया दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण*
इगलास। कस्बा के श्री विष्णुदत्त शर्मा इंटर कालेज एवं पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (नेशनल जूलाजिकल पार्क), इंडिया गेट और अक्षरधाम मंदिर का भ्रमण कर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय जानकारी प्राप्त की। इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक से परे व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव प्रदान करना था। यात्रा के दौरान बच्चों ने न केवल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के बारे में सीखा, बल्कि इतिहास, स्थापत्य कला और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी समझा। प्रबंधक गौरव शर्मा और कोषाध्यक्ष शशांक शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।

✒️ *पीएम मुद्रा योजना में लोगों ने नहीं चुकाए 1,165.94 करोड़ रुपये,38,705 लोग हुए एनपीए घोषित*
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत छोटे उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिए गए ऋणों की वसूली में बड़ी समस्या सामने आई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न बैंकों से ऋण लेने वाले 2,24,387 लोगों ने अब तक कुल 1,165.94 करोड़ रुपये वापस नहीं चुकाए हैं। इनमें से 38,705 लोगों का ऋण एनपीए (Non-Performing Assets) घोषित कर दिया गया है। इन एनपीए लोन की कुल राशि 232 करोड़ रुपये है, जिसका अर्थ है कि यह रकम अब बैंकों के लिए लाभप्रद संपत्ति नहीं मानी जाएगी और इसकी वसूली की संभावना काफी कम है।

✒️ *अंतरजनपदीय स्थानांतरण करने की यूपी बीटीसी शिक्षक संघ ने की मांग*
उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण आदेश जल्द जारी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि शासन को समय से ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू कर देनी चाहिए, ताकि जनवरी के शीत अवकाश के दौरान प्रदेश के हजारों शिक्षकों का स्थानांतरण पूरा हो सके और उन्हें राहत मिल सके। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि परिषद के अंतर्गत कार्यरत हजारों शिक्षक पिछले 10–15 वर्षों से अपने परिवारों से सैकड़ों किलोमीटर दूर (400 से 700 किमी तक) सेवाएं दे रहे हैं। लंबे समय से घर-परिवार से दूर रहने के कारण शिक्षकों को मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने शासन को पत्र भेजकर मांग की है कि शिक्षकों की वर्षों पुरानी इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और जल्द से जल्द अंतरजनपदीय स्थानांतरण आदेश जारी किए जाएँ।

✒️ *धान चोरी के मामले में पकड़े चार चोर भेजे जेल*
इगलास। कोतवाली के गांव गुरसैना से चोरी की घटना का खुलासा 24 घंटे में करते हुए पिकअप गाड़ी में लदे हुए चोरी गए धान के साठ बोरा बरामद करने के साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कोतवाल नरेन्द्र यादव ने बताया कि पूर्व प्रधान पूरन सिंह के खेत से तथा पड़ौसी हरेन्द्र सिंह के खेत में कटाई के उपरांत मड़ाई करके रखे गए धान की चोरी कर ली गई थी। इस घटना के संबंध में पूर्व प्रधान की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पकड़े गएआरोपियों के खिलाफ थाना इगलास में आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। चारों आरोपियों को संबंधित कोर्ट में पेश किया गया, कोर्ट ने उनको रिमांड स्वीकृत करके जेल भेजा दिया गया है।

✒️ *महिला की मौत, दहेज हत्या का लगाया आरोप*
इगलास। ग्राम नगला जार में एक विवाहिता द्वारा पति-पत्नी के मध्य चल रही अनमन के चलते पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली, घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।घटना के संबंध में मृतका के भाई उपेन्द्र सिंह की तहरीर पर पति, ससुर, सास व देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

✒️ *कमिश्नरी सभागार में आयोजित हुई मंडलीय पेंशन अदालत, लंबित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश*
मंडलायुक्त एवं मंडलीय पेंशन अदालत की अध्यक्ष संगीता सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में मंडलीय पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत पिछली पेंशन अदालत की कार्यवाही की अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने से हुई, जिसे अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन, आगरा मंडल आगरा महिमा चंद ने प्रस्तुत किया। समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि पेंशन से संबंधित सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पेंशन प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न किया जाए। पेंशनरों के दस्तावेजों की जांच शीघ्रता से पूरी कर लाभ दिलाया जाए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पेंशनर्स के मामले संवेदनशील होते हैं और विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं होगा। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए कि पेंशन अदालत में आने वाले प्रत्येक पेंशनर को सुविधा प्रदान की जाए और समाधान की स्थिति उसी बैठक में स्पष्ट की जाए। बैठक में कोषागार विभाग, शिक्षा विभाग एवं पेंशन से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

✒️ *हरे निशान पर बंद हुआ बाजार*
भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को मजबूती दिखाई और हरे निशान पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 335 अंक की बढ़त के साथ 83,871अंकव एनएसई निफ्टी 120 अंक के साथ 25,694 अंक पर आकर बंद हुआ।

*दिल्ली धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट, सभी धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर कड़ी सुरक्षा*
दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियाँ सतर्क हो गई हैं। पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी जिलों में नाकेबंदी कर वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त की जाए। अयोध्या, काशी, मथुरा, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, मेरठ, बरेली, सहारनपुर समेत पूरे यूपी में पुलिस और खुफिया एजेंसियाँ चेकिंग अभियान चला रही हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है। सीएम योगी ने यह भी निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए।

✒️ *आधार नंबर के दुरुपयोग का झांसा देकर व्यापारी दंपती से 9.50 लाख की ठगी*
साइबर ठगों ने आधार कार्ड का दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग का भय दिखाकर अलीगढ़ के एक व्यापारी दंपती से 9.50 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सासनी गेट क्षेत्र के कृष्णा टोला निवासी व्यापारी के अनुसार, 4 नवंबर की दोपहर उनके वॉट्सऐप पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस का वरिष्ठ अधिकारी बताया। उसने कहा कि व्यापारी और उनकी पत्नी के आधार नंबर मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल हो रहे हैं और उनके खिलाफ वहां मुकदमा दर्ज है। ठग ने दोनों पर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर पैसा ट्रांसफर कराए। धमकी और भय के चलते व्यापारी दंपती ने बताए गए खाते में 9.50 लाख रुपये भेज दिए। बाद में धोखाधड़ी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

✒️ *छेड़खानी का विरोध करने पर महिला पर किया जानलेवा हमला*
थाना रोरावर क्षेत्र के मोहल्ला शाहजमाल निवासी एक महिला ने अपने जेठ पर छेड़खानी और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसका जेठ वहां पहुंचा और उसके साथ जबरन छेड़खानी करने लगा। जब महिला ने विरोध किया। आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल होने के बाद महिला जमीन पर गिर पड़ी और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी जेठ की तलाश शुरू कर दी है।

✒️ *बिहार चुनाव 2025 के दूसरे चरण में मतदान का टूटा रिकॉर्ड, 67.14 फीसदी हुई वोटिंग*
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में मतदान ने इतिहास रच दिया। राज्य के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर आज बंपर वोटिंग देखने को मिली। शाम 5 बजे तक 67.14 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो आज़ादी के बाद अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत माना जा रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार मतदाताओं ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि अंतिम आंकड़े और बढ़ सकते हैं, क्योंकि कई मतदान केंद्रों पर 5 बजे के बाद भी लाइन में लगे लोगों को वोट डालने दिया गया।

✒️ *सोने व चांदी में जोरदार तेजी बरकरार*
हफ्ते के दूसरे दिन मंगलवार को अलीगढ़ के सर्राफा बाजार में सोना 1869 रुपये महंगा होकर दिन से समय 1,25,839 रुपये प्रति 10 ग्राम उच्च स्तर पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक यह 1,24,565 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। जबकि चांदी 2388 रुपये बढ़कर 1,56,079 रुपये प्रति किलोग्राम उच्च स्तर पर पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक यह 1,55,239 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। वेडिंग सीजन शुरू होते ही सोना-चांदी  में जोरदार तेजी बरकरार है। घरेलू बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक दाम तेजी से बढ़े।

*एग्जिट पोल्स में एनडीए की वापसी के संकेत, बिहार में भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बहुमत का अनुमान*
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल्स जारी हो गए हैं। लगभग सभी प्रमुख सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल्स के पोल ऑफ पोल्स के अनुसार भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा। 243 सीटों वाली विधानसभा में एनडीए गठबंधन को 145 से 170 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 70 से 100 सीटों के बीच सीमित बताया गया है। बहुमत के लिए 122 सीटों की आवश्यकता होती है, इसलिए एग्जिट पोल्स में एनडीए आराम से बहुमत हासिल करता दिख रहा है। एग्जिट पोल्स में भाजपा को कई क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए दिखाया गया है, जबकि महागठबंधन को पिछड़ता हुआ बताया गया है। कुछ सर्वे एजेंसियों ने एनडीए को 130 से 180 सीटों तक का अनुमान दिया है।

    
👉 ईशान टाइम्स ग्रुप(ईशान टाइम्स,ईशान संवाद ,7days न्यूज)दैनिक व साप्ताहिक समाचार पत्र दिल्ली और चंडीगढ़ से प्रकाशित

खबरों को निरंतर देखने के लिए हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें*

https://www.facebook.com/share/1AUs1FrweY/

*www.ishantimes.com /न्यूज पेपर पर न्यूज प्रकाशित करवाने हमारे मोबाइल नंबर 981478655 को सेव करके व्हाट्सप्प पर हेलो लिख कर भेजें एवं सूचना प्रकाशित कराने हेतु उक्त मेल आईडी ishantimes 1@gmail.com या हमारे व्हाट्सप्प नंबर 9814786555 पर भेजें*

Scroll to Top