खाद्य आपूर्ति कार्यालय की मनमानी से उपभोक्ता परेशान

आपूर्ति कार्यालय की मनमानी से उपभोक्ता परेशान, पूर्व सभासद दानिश सिद्दीकी ने जताई नाराज़गी

गरीबों के राशन कार्ड बिना कारण काटे जाने पर उठाए सवाल, ईओ से मिलकर की शिकायत

भदोही, 28 अक्टूबर (राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।
नगर के पूर्व सभासद एवं समाजवादी पार्टी के युवा नेता दानिश सिद्दीकी ने सोमवार को नगर पालिका परिषद भदोही के अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर खाद्य आपूर्ति अधिकारी के खिलाफ एक शिकायती पत्र सौंपा।

दानिश सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि नगर के पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों के नाम बिना किसी ठोस कारण के पात्रता सूची से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब इस संबंध में खाद्य आपूर्ति अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह कार्रवाई नगर पालिका द्वारा कराए गए सत्यापन के आधार पर की गई है, जबकि अधिशासी अधिकारी को इस तरह की किसी जांच की जानकारी ही नहीं है।

दानिश ने कहा कि आपूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों की मनमानी, हठधर्मिता और लालच के चलते गरीब उपभोक्ताओं के राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं। इससे गरीब परिवारों के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड बहाल नहीं किए गए, तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
अधिशासी अधिकारी ने इस संबंध में दानिश सिद्दीकी को आश्वासन दिया कि मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी और सभी पात्र उपभोक्ताओं के राशन कार्ड पुनः बहाल कराए जाएंगे, ताकि गरीबों को सरकार द्वारा दी जा रही राशन सुविधा का लाभ मिल सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top