ishantimes

प्रधानमंत्री मोदी का स्वच्छता अभियान अब बन गया है जन आंदोलन : मोहन लाल बड़ौली



चंडीगढ़, 11 अक्टूबर(ईशान टाइम्स)। हरियाणा में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा शनिवार को बड़ा स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर प्रदेश के 11 नगर निगम क्षेत्रों में साफ सफाई की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सेक्टर-5 पंचकूला में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया और खुद भी साफ सफाई की। इस मौके पर उन्होंने मीडिया से बातचीत कर सवालों के जवाब भी दिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता अभियान के माध्यम से साफ-सफाई के प्रति देश को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। पीएम मोदी का स्वच्छता अभियान अब जन आंदोलन बन गया है।  उन्होंने कहा कि आज भाजपा के युवा मोर्चा ने निगम सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर 11 नगर निगम क्षेत्रों में बड़ा स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया है।
श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर को नायब सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है। नायब सरकार की पहली वर्ष गांठ पर लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोनीपत की राई विधानसभा स्थित स्पोर्टस यूनीवर्सिटी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
एक सवाल पर बोलते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार का यह एक वर्ष उपलब्धियों से भरा हुआ है। नायब सरकार के निर्णयों और योजनाओं से हरियाणा का जन-जन खुश है। इसलिए पीएम मोदी की ‘‘जन विकास- जन विश्वास’’ रैली में लाखों लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र को सुनने पहुंचेंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि यह रैली भव्य और ऐतिहासिक होगीं।
आईपीएस ऑफिसर वाई पूरन सिंह के निधन पर पूछे गए सवाल पर श्री बड़ौली ने कहा कि आईपीएस पूरन सिंह का निधन एक बड़ी दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार व खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय आईपीएस अधिकारी पूरन सिंह के परिवार ने जो बातें सरकार के सामने रखी है उन पर सरकार निष्पक्षता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आईपीएस अधिकारी पूरन सिंह के परिवार को सरकार न्याय दिलाने का काम करेगी।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, महापौर कुलभूषण गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नवीन गर्ग, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, पार्षद, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Scroll to Top