नशे को रोकने के लिए परिवार, समाज और देश को मिलकर करना होगा प्रयास- डा0 अभिमन्यु रामपाल


पंचकूला, 4 नवंबर(,ईशान राय,ईशान टाइम्स ): सत्या रानी रामपाल ट्रस्ट नशा मुक्ति केन्द के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डा0 अभिमन्यु रामपाल की अध्यक्षता में राजकीय माध्यमिक विद्यालय, हरिपुर सैक्टर-4 में नशा मुक्ति जागरूकता कैम्प का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बडी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
इस मौके पर नशा मुक्ति केन्द के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डा0 अभिमन्यु रामपाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि नशा एक ऐसा जहर है जो युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बनाता है। पूरे देश में नशे को रोकने के लिए नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। उन्होने कहा कि इसे रोकने के लिए परिवार, समाज और देश को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने सभी को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत करवाते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, पडोसियों को भी इसके दुष्परिणाम से अवगत करवाएं। उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य व अध्यापकगण से भी सभी कक्षाओं में नशा मुक्ति से सम्बन्धित स्लोगन, पैंटिंग, लेखन, आदि प्रतियोगिताएं आयोजित करने बारे अपील की और नशा मुक्ति की शपथ लेने बारे बताया गया।
इस मौके पर डा0 अभिमन्यु रामपाल के साथ उपस्थित युवा जो कि पूर्व में नशे के आदि थे उन द्वारा बताया गया कि नशे के कारण सिर्फ आर्थिक ही नहीं बल्कि शारीरिक व मानसिक रूप से भी क्षति होती है। जो भी नशे की समस्या से जूझ रहे है उन्हें सकारात्मक विचार अपनाने, योगाभ्यास, व्यायाम करने, विशेषज्ञ से सलाह लेने, खुद में व्यवहार परिवर्तन कर अच्छी आदतें को अपनाने की जरूरत है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं काउंसलर मौजूद थे।



