ishantimes

प्रशासन पंचकूला के विभिन्न सेक्टरो में लगने वाली सब्जी मंडियों में पॉलिथीन की बिक्री तथा प्रयोग पर अगर सख्ती से रोक लगा दे तो आधे से ज्यादा पॉलिथीन की समस्या का हल हो जाएगा -ओ पी सिहाग

(Ishantimes )पंचकूला, 21 फरवरी: जननायक जनता पार्टी पंचकूला के जिलाध्यक्ष एवं नगर निगम में पूर्व में कार्यकारी अधिकारी रहे ओ पी सिहाग ने कहा है कि नगर निगम पंचकूला क्षेत्र में बहुत बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित एवं घटिया क़िस्म का पॉलिथीन विभिन्न सेक्टरो में हर रोज लगने वाली सब्जी मंडियों में धड़ल्ले से बिकता एवं प्रयोग होता है। ओ पी सिहाग ने कहा कि पंचकूला नगर निगम क्षेत्र में हर रोज जो पॉलिथीन प्रयोग होता है उसमे से आधे से ज्यादा पॉलिथीन शहर में हर रोज लगने वाली सब्जी मंडियों में होता है। सब्जी मंडी में सब्जी व फ्रूट की रेहड़ी फड़ी वालों द्वारा लोगों को सब्जी एवं फल फ्रूट प्रतिबंधित एवं घटिया किस्म के पॉलिथीन में डाल कर दिया जाता है।
ओ पी सिहाग ने आयुक्त नगर निगम पंचकूला से आग्रह किया है की नगर निगम अपने वरिष्ठ अधिकारियों की टीम बनाकर पुलिस सहित पूरे अमले के साथ कम से कम दो सप्ताह तक विभिन्न सेक्टरो में लगने वाली सब्जी मंडियों में जाकर सघन चेकिंग करे तथा अवैध रूप से बिक रहे एवं प्रयोग हो रहे पॉलिथीन को जब्त करे एवं चालान काटे तो सब्जी मंडियों में पॉलिथीन की बिक्री एवं प्रयोग रुक जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही प्रशासन सस्ते कपड़े या जूट के थैले भी उपलब्ध करवाने का काम भी करे ताकि लोग सब्जी तथा फल इन थैलों में ले जाये। ओ पी सिहाग ने कहा कि ऐसा प्रयोग उनके द्वारा 2016-17 में अपनी नगर निगम में पोस्टिंग के दौरान किया था , उस वक्त सब्जी मंडियों से पॉलिथीन की बिक्री एवं प्रयोग पूरी तरह खत्म हो गया था। परंतु समय के साथ प्रशासनिक ढिलाई के कारण पॉलिथीन का प्रयोग फिर होने लगा।

Scroll to Top