

औराई, भदोही( राजेश जायसवाल ,ईशान टाइम्स): कस्बा मधईपुर वार्ड नंबर 13 में लाखों रुपये की लागत से बन रहे नाले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की खुली अनदेखी की जा रही है और ठेकेदारों की मिलीभगत से घटिया काम कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से नाला निर्माण की मांग उठाई जा रही थी। आखिरकार विधायक निधि से काम शुरू हुआ, लेकिन राहत की जगह लापरवाही और भ्रष्टाचार की गंध ने नाराजगी बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाले में जहां तीन सूत की सरिया डालनी चाहिए थी, वहां पतली सरिया इस्तेमाल की जा रही है। साथ ही, नाले को सीधा बनाने के बजाय टेढ़ा-मेढ़ा बना दिया गया है, जिससे पानी निकासी की समस्या जस की तस बनी रहेगी।
लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी कर बंदरबांट की जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर डीएम से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते जांच नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
“विकास के नाम पर सिर्फ धन का खेल चल रहा है। हम मानकहीन निर्माण बर्दाश्त नहीं करेंगे।” — एक आक्रोशित ग्रामीण



