
भदोही, 28 अक्टूबर (राजेश जायसवाल,ईशान टाइम्स)।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों, विनियमित क्षेत्र व डूडा (DUDA) के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने नगर निकायों के विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक और पॉलिथीन पर लगेगा सख्त प्रतिबंध
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान सभी अधिशासी अधिकारियों (E.O.) को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्रों में प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में नियमित निगरानी की जाए और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना पर विशेष जोर
डीएम शैलेष कुमार ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत सभी नगरीय निकायों में सार्वजनिक और अर्द्ध-सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के समरूप विकास पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि
वार्षिक कार्ययोजना एवं पाँच वर्षीय विजन प्लान तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
इस योजना में निम्न सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा गया—
कौशल विकास केंद्र
टाउन हॉल, बारात घर और कार्यालय भवन
पुस्तकालय/डिजिटल स्टडी सेंटर
सीनियर केयर सेंटर व चिल्ड्रेन पार्क
रैन बसेरा, निराश्रित गृह
अर्बन प्लाज़ा, घाट संरक्षण व शहरी वेटलैंड विकास
विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में डीएम ने 15वें वित्त आयोग, राज्य वित्त, स्टाम्प शुल्क मद, पं. दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, वंदन योजना तथा तालाब/पोखर संरक्षण योजनाओं से प्राप्त धनराशि से कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि सितंबर 2025 तक के सभी विकास कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, समस्त अधिशासी अधिकारी तथा एलबीसी के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी से कहा कि नगरों के समग्र विकास के लिए पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।




