
भदोही(राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के बलीभद्रपुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार गंगाधर ने उचेठा निवासी दबंग व्यक्ति अवनीश सिंह उर्फ डब्बू सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। पत्रकार ने आरोप लगाया है कि उन्होंने फर्जी बंगाली डॉक्टर की शिकायत की थी, जिसके बाद अवनीश सिंह ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनकी छवि को धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट किए जा रहे हैं।
बंगाली डॉक्टर पर 8 साल के मासूम की मौत का आरोप
बताया गया कि उचेठा निवासी एक बंगाली डॉक्टर झोलाछाप तरीके से क्लिनिक चला रहा था। दो महीने पूर्व वरिष्ठ पत्रकार गंगाधर ने इस फर्जी डॉक्टर की शिकायत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस से की थी। विभागीय लापरवाही के कारण समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते हाल ही में 8 साल के एक मासूम बच्चे की मृत्यु कथित रूप से डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद हो गई। इसके बाद उस बंगाली डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पत्रकार को मिली धमकी
पत्रकार गंगाधर ने अपने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि 14 अगस्त 2025 को वह अपने साथी पत्रकार शाहिद सिद्दीकी के साथ सर्रोई गए थे। स्वास्थ्य खराब होने पर उन्होंने स्थानीय बंगाली डॉक्टर से बीपी नपवाया। डॉक्टर द्वारा दी गई दवा संदिग्ध लगी, जब उन्होंने दवा के बारे में पूछा तो डॉक्टर ने अभद्रता करते हुए कहा, “पत्रकारिता करो, ज़्यादा तीन-पांच मत करो।”
इसके बाद डॉक्टर ने फोन कर अपने संरक्षक अवनीश सिंह उर्फ डब्बू सिंह को बुला लिया। डब्बू सिंह ने मौके पर पहुंचकर पत्रकार से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पत्रकार ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन आरोपित अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।
सोशल मीडिया पर छवि धूमिल करने का आरोप
पत्रकार गंगाधर ने यह भी आरोप लगाया है कि दबंग अवनीश सिंह अब सोशल मीडिया पर उनकी छवि को धूमिल करने के लिए फर्जी पोस्ट कर रहा है और उन्हें धन उगाही जैसे झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास कर रहा है। पत्रकार ने एसपी से मांग की है कि दबंग अवनीश सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकार सुरक्षा के साथ स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकें।
पत्रकारों ने जताया आक्रोश
स्थानीय पत्रकारों ने इस प्रकरण पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि देश के चौथे स्तंभ के साथ इस तरह की घटना निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दबंग तत्वों पर तुरंत कार्रवाई हो।





