मुसी लाटपुर स्टेडियम में जिलाधिकारी शैलेश कुमार एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अनुरुद्ध त्रिपाठी ने किया उद्घाटन


भदोही, 29 अक्टूबर (राजेश जायसवाल,ईशान टाइम्स)।
जनपद भदोही के मुसी लाटपुर स्टेडियम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 21वीं जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शैलेश कुमार एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अनुरुद्ध त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अनुरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है और यह शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारीगण, शिक्षकों तथा अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के अंतर्गत , पहली बार बेसिक स्तर से तीर अंदाजी दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी, खो-खो आदि खेलों का आयोजन किया गया।



