ishantimes

Upcoming Games

Follow Us On

सरदार पटेल के नेतृत्व ने जोड़ा राष्ट्र, रखी अखंड भारत की नींवः डॉ. अरविंद शर्मा

‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन, लोगों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

चंडीगढ़, 31 अक्टूबर -(ईशान टाइम्स)- हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। ‘रन फॉर यूनिटी’ का उद्देश्य समाज में एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को वर्तमान पीढ़ी में और मजबूत करना है। डॉ. शर्मा ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह झज्जर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में आयोजित रन फॉर यूनिटी दौड़ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौड़ ने पूरे शहर में एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रसारित किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आज हम सभी भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर राष्ट्र की एकता के संकल्प के साथ एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, सशक्त नेतृत्व और दूरदर्शिता के बल पर भारत को एक सूत्र में पिरोकर अखंड राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने और ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से जन-जन में एकता, अनुशासन, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण की भावना जगाने की पहल की सराहना की।

डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने ‘अखंड भारत’ के सपने को साकार करने की दिशा में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इनमें जम्मू–कश्मीर से धारा 370 और अनुच्छेद 35A को हटाकर राज्य को मुख्यधारा से जोड़ना एक ऐतिहासिक कदम रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के केवड़िया में स्थापित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ केवल विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा नहीं, बल्कि भारत की एकता, शक्ति और गौरव का प्रतीक है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है, जो सरदार पटेल के सपनों के भारत के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि इस दौड़ को केवल एक कार्यक्रम के रूप में न लें, बल्कि इसे एकता, समरसता और राष्ट्र सेवा के संदेश के रूप में जीवन में आत्मसात करें। दौड़ प्रारंभ होने से पूर्व मुख्य अतिथि द्वारा सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं में उत्साह एवं देशभक्ति का अद्भुत जोश देखने को मिला।

Scroll to Top