नेचर कैंप थापली में आए पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किया मुख्यमंत्री से संवाद


पंचकूला, 31 मार्च (ईशान राय ,ईशान टाइम्स ग्रुप)। हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 3 दिवसीय नेचर कैंप थापली में आए पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संत कबीर कुटीर में आज मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलकर पंजाब के छात्र गदगद नजर आए मुख्यमंत्री ने भी पंजाब के सभी विद्यार्थियों से स्नेहल मुलाकात की और उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रदान की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए युवाओं के सर्वांगीण विकास संबंधी दृष्टि को साझा किया।
युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने इस कार्यक्रम की जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट विज़न है कि दोनों राज्यों का युवा शिक्षित, आत्मनिर्भर और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने वाला हो। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्चतम शिक्षा प्राप्त कर देश सेवा के लिए प्रेरित किया तथा विदेश पलायन की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि युवा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश में करेंगे तो हरियाणा पंजाब और भारत की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत प्रतिदिन एक विश्वविद्यालय के विद्यार्थी नेचर कैंप थापली का भ्रमण करते हैं। यह आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत हरियाणा एवं पंजाब के विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को नेचर कैंप थापली भ्रमण हेतु आमंत्रित किया जाता है। यहां छात्र-छात्राएं प्रकृति के सान्निध्य में समय व्यतीत कर पर्यावरणीय तंत्र (ईकोसिस्टम) की कार्यप्रणाली को समझते हैं तथा जैव विविधता, जल संरक्षण और वन संरक्षण जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करते हैं। इसके साथ-साथ छात्र-छात्राएं राष्ट्र प्रथम की भावनाओं को लेकर अपने विचार भी सांझा करते हैं ।
डिप्टी रेंज ऑफिसर विजय नेहरा ने विद्यार्थियों को सतत विकास एवं पारिस्थितिकीय परिवर्तन विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कैंप संयोजक नैंसी, रेंज ऑफिसर संजय, डिप्टी रेंज ऑफिसर विजय नेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सराहना की तथा युवाओं को पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।




