ishantimes

Upcoming Games

Follow Us On

ममता बनर्जी सिर्फ एक विशेष वर्ग की राजनीति कर रही हैं - नायब सिंह सैनी

पश्चिम बंगाल में हिन्दुओं को किया जा रहा टारगेट, महिलाओं का हो रहा शोषण – मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 3 दिसंबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में उनकी सरकार एक विशेष वर्ग को साधने में लगी हुई है, जबकि आम जनता, विशेषकर महिलाएं लगातार उत्पीड़न और शोषण का सामना कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद, पश्चिम बंगाल में महिलाओं की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हरियाणा निवास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में किस प्रकार हिन्दू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है और राज्य सरकार संवैधानिक दायित्वों का पालन करने के बजाय भेदभाव की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनता ने वोट देकर उन्हें संवैधानिक पद पर बिठाया, लेकिन वे उसके विपरीत भेदभाव करती हैं और वोट बटोरने की राजनीति में लगी हैं। उन्होंने बाहर के लोगों को सत्ता हासिल करने के लिए प्रदेश में जगह देकर राज्य की सामाजिक संरचना को कमजोर किया है, इसलिए अब SIR का विरोध किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाएँ 140 करोड़ लोगों के कल्याण पर केंद्रित

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की सभी योजनाएँ 140 करोड़ भारतीयों के समग्र कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार की जाती हैं ताकि आम नागरिकों का जीवन सरल बने और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ मिले। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री अपनी राजनीति को एक विशेष वर्ग तक सीमित करने में लगी हैं।

आप और कांग्रेस सिर्फ शोर मचाने वाली पार्टियाँ

पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के लिए घोषित योजना के बावजूद वहां महिलाओं को अब तक लाभ न मिलने के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार सिर्फ शोर मचाने वाली सरकार है। कांग्रेस की हालत भी इससे अलग नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ही वास्तविक रूप से लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले दल केवल शोर ज्यादा मचाते हैं, काम कुछ नहीं करते।

Scroll to Top