

भदोही, 11 नवम्बर 2025(राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में मंगलवार को पुलिस लाइन, ज्ञानपुर में क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव सिंह द्वारा iRAD/EDAR पोर्टल के संबंध में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यशाला में जनपद के सभी थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ-साथ प्रत्येक थाने से नामित उप निरीक्षकगण भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य iRAD/EDAR पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन, डेटा एंट्री प्रक्रिया, तथा तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी व प्रशिक्षण प्रदान करना था।
क्षेत्राधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि iRAD/EDAR प्रणाली के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित डेटा का संग्रहण, अपलोडिंग एवं विश्लेषण अधिक सटीक, त्वरित और प्रभावी बनाया जा सकेगा। यह प्रणाली सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने एवं दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान के लिए अत्यंत उपयोगी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना स्थल पर iRAD फॉर्म तत्काल भरा जाए, तथा फोटो, वीडियो, गवाह बयान आदि सभी विवरण सटीक रूप से दर्ज किए जाएं। साथ ही, डेटा अपलोडिंग में किसी भी प्रकार की देरी न हो, इस पर विशेष बल दिया गया।
कार्यशाला के दौरान कंप्यूटर ऑपरेटरों को पोर्टल पर डेटा एंट्री, वैरिफिकेशन, रिपोर्ट जनरेशन एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
यह कार्यशाला iRAD/EDAR प्रणाली को पुलिस विभाग में पूर्ण रूप से सक्रिय करने तथा सड़क सुरक्षा डेटा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक ठोस और महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। यह पहल यातायात प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी, डिजिटल एवं कुशल बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।



