
भदोही, 5 नवम्बर 2025(राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)।
प्रदेश सरकार के “विकसित उत्तर प्रदेश @2047” विज़न डॉक्यूमेंट निर्माण अभियान के तहत सोमवार को भदोही में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने की, जबकि अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश का सपना तभी साकार होगा जब इसमें जनभागीदारी होगी। यह सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का साझा संकल्प है।”
उन्होंने जनपदवासियों से अधिकाधिक सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।
एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने बताया कि नागरिक अपने सुझाव QR कोड स्कैन कर या पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पर ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं।
डीएम भदोही के फेसबुक, एक्स (ट्विटर) एकाउंट सहित कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसीलों, थानों व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर “विकसित उत्तर प्रदेश @2047” विषयक होर्डिंग्स और स्टैण्डी लगाए गए हैं, जिन पर QR कोड व लिंक उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन सुझाव सबमिट करने वालों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा और चयनित सुझावों को जनपद व प्रदेश स्तर पर पुरस्कृत भी किया जाएगा। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम तीन सुझाव भेजे जा सकते हैं।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार नागरिकों से सुझाव अपलोड कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में सीएमओ डॉ. संतोष चक, डीडीओ ज्ञान प्रकाश, डीपीआरओ संजय मिश्रा, डीआईओएस अंशुमान, बीएसए विकास चौधरी, उपायुक्त उद्योग अनुराग राय सहित समस्त खंड विकास अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



