चार दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, हर बूथ पर बीएलए व प्रवासी कार्यकर्ता सक्रिय


भदोही, 5 नवम्बर 2025(राजेश जायसवाल, ईशान टाइम्स)
भदोही जनपद की तीनों विधानसभाओं—भदोही, ज्ञानपुर और औराई—में भाजपा ने आज मतदाता पुनरीक्षण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने की।
जिला प्रभारी रघुवंशी ने बताया कि बीएलए-1, बीएलए-2 और जिला प्रवासी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह अभियान 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत नए मतदाताओं को जोड़ने और मतदाता सूची में सुधार का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 से 20 नवम्बर तक जनपदभर में जनजागरण पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सभी जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता भाग लेंगे।
औराई के त्रिलोकपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दीनानाथ भास्कर, जबकि ज्ञानपुर में विधायक विपुल दुबे ने भाग लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर रविंद्र नाथ त्रिपाठी, कन्हैया लाल मिश्रा, हौसला प्रसाद पाठक, पुष्पा मालवी, मनीषा अंबड, गोवर्धन राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



