




*मोदी सरकार के अच्छे कार्यों का विरोध करना भी कांग्रेस की आदत बन गई : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
*भाजपा जो कहती है वह पूरा करके दिखाती है : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
*एक राष्ट्र, एक चुनाव मोदी सरकार का सशक्त लोकतंत्र के लिए सार्थक कदम : मुख्यमंत्री*
*पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में मुख्यमंत्री ने देर सायं जातिगत जनगणना गोष्ठी को संबोधित किया*
चंडीगढ़, 17 जून(ईशान टाइम्स)। ओबीसी मोर्चा द्वारा मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में जातिगत जनगणना पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। मंगलवार देर सायं आयोजित इस गोष्ठी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिए गए जातिगत जनगणना के फैसले का स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने ओबीसी समाज के साथ सही मायने में न्याय किया है। ओबीसी समाज को उनका अधिकार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह पूरा करके दिखाती है। कार्यक्रम को भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के. लक्ष्मण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा के 11 साल विकास, विश्वास और बदलाव के रहे हैं, आज देश का हर नागरिक बदलते हुए भारत का साक्षी बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने भी देश की सफलता का श्रेय 140 करोड़ देशवासियों को दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि हम बदलाव में यकीन रखते हैं, क्योंकि ऊंचाई पर वही पहुँचते हैं जो बदलाव लाने की सोच रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने जो अच्छे काम किए हैं, कांग्रेस उसका विरोध करती रही है, यह कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता ने भी आइना दिखा दिया है। एक राष्ट्र एक चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव मोदी सरकार का सशक्त लोकतंत्र की ओर एक सार्थक कदम है और एक सुधार कार्यक्रम है। एक बार चुनाव होने से देश का पैसा बचेगा जो देश के विकास में लगेगा। सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का जो सपना देखा है उसे हम सभी मिलकर पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है। उन्होंने कहा कि योग जैसी प्राचीन पद्धति हमें उपहार में मिली है। मोदी जी के आह्वान पर पूरी दुनिया योग को अपने जीवन में उतार रही है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि अपने-अपने स्थानों पर लोगों के साथ मिलकर योग दिवस मनाएं और योग करें। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग को न्याय नहीं दिया। भाजपा सरकार बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओबीसी वर्ग को न्याय दिया और ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने क्रीमी लेयर को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये तक किया। स्थानीय चुनाव में बीसीए को 8 प्रतिशत और बीसीबी को 5 प्रतिशत आरक्षण देने का काम भी बीजेपी की सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने केंद्रीय विद्यालयों, सैनिक स्कूलों, नवोदय स्कूलों सहित केंद्रीय संस्थानों में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत का अमृत काल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल पूरे हुए हैं। मोदी सरकार का यह कालखंड भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल है। अंत्योदय के मंत्र पर चलते हुए भाजपा सरकार अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। गरीबों को 5 लाख रुपये तक फ्री इलाज की सुविधा भाजपा सरकार ने दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, पीएम जनधन योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि आदि अनेक योजनाओं के माध्यम से गरीबों का कल्याण हो रहा है। सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार तीन गुणा गति से विकास के कार्य कर रही है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि चिरायु-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे का विस्तार कर 3 लाख रुपये की आय वाले परिवारों तक इसका कवरेज बढ़ाया है। इस मौके पर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर, ओबीसी मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौहान, ओबीसी मोर्चा के प्रभारी रसपाल वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता जवाहर यादव, राजेश्वर प्रजापित, नरेंद्र पांचाल, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख डा. राजबीर आर्य, प्रदेश सोशल मीडिया प्रमुख संदीप वर्मा आदि उपस्थित रहे।